दस दिन बाद भी नहीं हुई विकास हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी
बहादुरगढ़ (ब्यूरो)।
किला मोहल्ला में दिन दहाड़े हुई विकास उर्फ काला की हत्या के 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। आरोपियों के नाम सामने आने के बावजूद अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। वहीं, पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दरअसल, वीरवार की सुबह बाजार में दवाई लेने आए बैंक कालोनी निवासी विकास उर्फ काला की किला गेट पर सरे बाजार बदमाशों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। कार और बाइक पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर नयागांव निवासी सुमित, बसंत विहार निवासी आसिफ, कांचा और 2 अन्य युवकों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया था। विकास की हत्या को अब 10 दिन बीत गए हैं, लेकिन इनमें से कोई भी बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। सिटी एसएचओ सुमित कुमार ने कहा कि मामले को सुलझाने के लिए सिटी पुलिस, सीआईए और एसआईटी की टीमें लगी हुई हैं। आरोपियों के संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही इस वारदात को सुलझा लिया जाएगा।
-