कार शोरूम की तिजोरी से पौने छह लाख रुपये चोरी
बहादुरगढ़।
टीकरी-बॉर्डर के नजदीक स्थित एक कार शोरूम में चोरों ने एमडी की तिजोरी काटकर करीब पौने छह लाख रुपये चोरी कर लिए। एमआईई चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी से मिली दो चोर की फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। डॉग स्क्वायॅड, फिंगर प्रिंट टीम की भी मदद ली जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में पटेल नगर निवासी प्रवीण ने बताया कि वह टीकरी बॉर्डर से पहले एमआईई चौकी के पास स्थित दृष्टि हुंडई शोरूम में बतौर कैशियर कार्यरत है। वह घर जाते वक्त रोजाना कैश को कैश एमडी की तिजोरी में रखकर जाता है। रोजाना की तरह 8 जून की शाम को भी वह एमडी की तिजोरी में कैश (5 लाख 76943 रुपये) रख कर घर चला गया। 9 जून की सुबह करीब 10 बजे ऑफिस में आया। जब वह एमडी के रूम में तिजोरी के पास गया तो तिजोरी गैस कटर से काटी गई थी। कैश का बैग बाहर पड़ा था। जांच करने पर बैग से कैश गायब था। इसके बाद उसने सीनियर अकाउंटेंट विकास गुप्ता को सूचना दी।
सीसीटीवी में दिखे दो चोर
उधर, सूचना मिलते ही एमआईई चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने फिंगर प्रिंट टीम, डॉग स्क्वॉयड, साइबर टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने के प्रयास किए। प्रारंभिक जांच के दौरान बिल्डिंग के पिछले तरफ के कैमरे मुड़े हुए पाए गए हैं। बिल्डिंग के भीतर कैमरे में दो युवक ही दिखाई दे रहे हैं।
हो सकता है जानकार का हाथ
पुलिस के अनुसार, उक्त रात को शोरूम के मेन गेट पर तीन सिक्योरिटी गार्ड थे। पीछे से भी बिल्डिंग में प्रवेश करने का रास्ता है, वहां के कैमरों से भी छेड़छाड़ है। तिजोरी को काटने के लिए इस्तेमाल किया गया गैस कटर यहीं की गैराज से लिया गया है। अहम बात ये कि एक चोर ने सीधे कैशियर के काउंटर से जाकर चाबी निकाली और फिर तिजोरी वाले रूम में गया। पुलिस वारदात के पीछे किसी जानकार का हाथ भी होने की आशंका जता रही है।
केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। चोर कितने थे यह अभी स्पष्ट नहीं है, मगर सीसीटीवी में दो ही दिखाई दे रहे हैं। इस मामले में सिक्योरिटी गार्ड व अन्य कर्मचारियों से भी गहनता से पूछताछ की जा रही है। जल्द से जल्द इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।
राजेंद्र सिंह, एएसआई, जांच अधिकारी