बहादुरगढ़। रोहतक-दिल्ली मार्ग पर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक घायल हो गया। उसे नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है।
महावीर पार्क निवासी गुड्डू बुधवार की सुबह ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था। रोहतक रोड पर ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन के पास दुर्घटना में वह घायल हो गया। राहगीरों ने उसे संभाला और अस्पताल लेकर आए। गुड्डू के सिर व हाथों में चोटें आई हैं। बताया गया है कि गुड्डू किसी अन्य की बाइक पर बैठा था। उसके आगे चल रहे वाहन के चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के बाद गुड्डू का साथी बाइक से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बाइक गिर गई। इस दुर्घटना में गुड्डू को सिर में चोटें आईं, जबकि बाइक चालक को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बारे में सही जानकारी गुड्डू के बयान दर्ज होने और पुलिस जांच के बाद ही लग पाएगी। (संवाद)