कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर बादली-फर्रुखनगर के बीच पर डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार पंजाब के लुधियाना से यूपी के उन्नाव जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के गांव बाघा टिलिया निवासी अमित अपने भाई अनुराग के साथ पंजाब के लुधियाना में कपड़ों पर प्रिटिंग का काम करता था। दिवाली के मौके पर घर जाने के लिए बुधवार को दोनों बाइक से लुधियाना से उन्नाव जाने के लिए निकले। हालांकि रास्ता भटकने की वजह से वह बादली के पास से वह कुंडली-मानेसर-पलवल हाईवे पर चढ़ गए। इस बीच बाइक बादली-फर्रुखनगर के बीच उनकी बाइक डिवाइडर से जा टकराई। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। जबकि अनुराग को पीजीआई रोहतक के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस ने अमित के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अमित विवाहित था और एक बच्चे का पिता था। वह लुधियाना में सिले सिलाए वस्त्रों पर प्रिंटिंग का काम करता था।