हरियाणा में गांव रावलधी में मंगलवार रात दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों के प्लॉटों में कुछ असामाजिक तत्वों के आग लगाने और मारपीट करने के मामले में वीरवार को सदर पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
मंगलवार रात गांव रावलधी में दलितों और पिछड़े वर्ग के लोगों के प्लाटों में गांव के ही कुछ शरारती तत्वों ने आग लगा दी थी। ये लोग इस जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने के प्रयास कर रहे थे। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार देर रात चरखी दादरी-रोहतक मार्ग पर जाम लगा दिया था। पीड़ितों ने पुलिस के समक्ष उनके प्लाटों पर कब्जा करने का आरोप लगाया था।
बाद में डीएसपी विजेंद्र सिंह ने आरोपियों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया था। बुधवार सुबह गांव में चल रहे विवाद को शांत करने के लिए अधिकारियों की एक टीम गांव में पहुंची थी।
एसडीएम की ओर से इन प्लाटों की दोबारा से पैमाइश करवाए जाने के निर्देश भी दे दिए गए हैं। वीरवार को सदर पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई करते हुए पीड़ित पक्ष राजेंद्र की शिकायत पर 12 ग्रामीणों और अन्य के खिलाफ आग लगाने व जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है।