हांसी/हिसार। गांव सुलतानपुर में सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे मनरेगा के तहत काम कर रही महिला मजदूरों पर ईंटों से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गया। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गई। घायलों को हिसार के नागरिक अस्पताल, अग्रोहा मेडिकल व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। दोनों महिलाओं के शवों को हांसी के नागरिक अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतकों के परिजनों व मजदूरों ने हांसी नागरिक अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीएम डॉ. जितेंद्र अहलवात मौके पर पहुंचे। इस दौरान परिजनों की मांग है कि मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के 1-1 सदस्य को नौकरी, भट्ठा संचालक व ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए, तभी वह शवों के पोस्टमार्टम के लिए तैयार होंगे।
मनरेगा योजना के तहत गांव सुल्तानपुर की महिलाएं रोड की सफाई का कार्य कर रही थी। सुबह करीब साढ़े 11 बजे के करीब ईंटों से भरा हुआ ट्रैक्टर-ट्रॉली संतुलन बिगड़ने पर महिलाओं पर पलट गया। हादसे में सुलतानपुर निवासी 60 वर्षीय गुड्डी व 40 वर्षीय निर्मला देवी की मौत हो गई। जबकि सुल्तानपुर निवासी राजपति, रोशनी, पूनम व रीना देवी समेत अन्य घायल हो गईं। सभी घायलों को गंभीर अवस्था में हिसार रेफर किया गया। एक महिला को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया। परिजनों को मनाने के लिए एसडीएम जितेंद्र सिंह व पुलिस अधिकारी शाम तक नागरिक अस्पताल में डटे रहे। लेकिन परिजन नहीं माने। परिजनों का कहना था कि पहले उनकी मांग पर कार्रवाई की जाए। डीएसपी राज सिंह देर शाम को अस्पताल में पहुंचे।