हिसार। पिता से 100 रुपये लेकर घर से मोबाइल की लीड लेने निकले 12 क्वार्टर निवासी 22 वर्षीय राकेश कुमार का शव नई सब्जी मंडी में पुलिस चौकी के पीछे मिला। पुलिस ने मृतक के पिता का बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि राकेश के साथ कुछ लोगों ने पहले शराब पी फिर गला दबाकर हत्या की है। आरोप है कि बाइक से पेट्रोल निकालकर राकेश के शव को जलाने का भी प्रयास किया है। पुलिस ने मौके से शराब की खाली बोतल बरामद की है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार मूलरूप से राजली गांव निवासी कृष्ण ने बताया कि वह परिवार के साथ 12 क्वार्टर एरिया के भगत सिंह नगर में रहते हैं। उनका छोटा बेटा राकेश कुमार अविवाहित था। राकेश पिकअप चलाता था। सोमवार करीब रात 8 बजे 100 रुपये लेकर मोबाइल फोन की लीड लेने की बात कहकर घर से निकला था। करीब सवा दस बजे उसकी मां ने फोन किया था, उस समय राकेश ने कहा कि 10 मिनट में आता हूं। उसके बाद 11 बजे और 11 बजकर 40 मिनट पर फोन किया लेकिन उसने उठाया नहीं। करीब डेढ़ बजे मॉल कॉलोनी निवासी नरेश ने फोन कर बताया कि राकेश नई सब्जी मंडी में पुलिस चौकी के पीछे बाइक समेत अचेत पड़ा है। वहां पर तीन-चार युवक खड़े थे, इनमें मेला कोठी निवासी कमल शामिल था। कमल ने बताया था कि बाइक राकेश के शरीर के ऊपर गिरी हुई थी, मैंने उठा कर खड़ी की है। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
पेट्रोल से भीगे थे कपड़े
कृष्ण कुमार ने बताया कि बेटे की हत्या करने के बाद उसके शरीर पर बाइक गिरा कर पेट्रोल की पाइप निकाल दी। उसके कपड़े पेट्रोल से भीगे हुए थे। आरोप है कि तीन-चार युवकों ने मिलकर राकेश के साथ बैठकर शराब पी है और उसके बाद उसकी गला दबा कर हत्या कर दी। शव खुद बुर्द करने के लिए आरोपियों ने उसे जलाने का प्रयास किया। मृतक के पिता कृष्ण का कहना है जहां वारदात हुई उसके ठीक सामने चाय की दुकान है, जो रातभर खुली रहती है। जब इस बारे में चाय वाले से पूछा तो उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। राकेश के गले और सीने पर निशान मिले हैं। हम कार्रवाई के लिए कह रहे थे लेकिन पुलिस ने नहीं सुनी।
मृतक के पिता कृष्ण कुमार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या और शव को खुर्द बुर्द करने का केस दर्ज किया है। मामले के हर पहलू पर जांच की जा रही है। - एएसआई, रामजीलाल, जांच अधिकारी, नई सब्जी मंडी पुलिस चौकी