जूस पिलाकर कुलदीप खरड़ का अनशन समाप्त करवाते हुए राकेश टिकैत। संवाद
- फोटो : Hisar
हांसी। प्रदेश में डीएपी खाद की किल्लत के विरोध में लघु सचिवालय के समक्ष चार दिन से चल रहे आमरण अनशन व धरने को एसडीएम के आश्वासन पर समाप्त कर दिया। संयुक्त किसान मोर्चा के नेता राकेश टिकैत ने अनशन कर रहे कुलदीप सिंह खरड़ को जूस पिलाया। वीरवार को किसान नेता राकैत टिकैत ने एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह अहलावत को धरनास्थल पर बातचीत के लिए बुलाया।
एसडीएम ने किसान नेताओं को बताया कि हिसार जिले में डीएपी खाद के 34 हजार कट्टे शाम तक सातरोड़ रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए हैं। दीपावली से पहले हर गांव की सोसायटी में डीएपी खाद उपलब्ध करवा दिया जाएगा। वहीं, टिकैत ने ऐलनाबाद में दिए बयान के बारे में कहा कि वह एक पंचायती फैसला था, जिसमें कहा गया कि जिसकी धरोहर है उसी को दे दी जाए। बीजेपी के नेताओं द्वारा उन पर पैसे लेकर ऐलनाबाद में दिए बयान पर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बीजेपी खुद पैसे बांट रही है।
उन्होंने कहा कि ऐलनाबाद उपचुनाव में संयुक्त किसान मोर्चा का किसी भी पार्टी को समर्थन नहीं है। वह सिर्फ भाजपा-जजपा गठबंधन का विरोध करते हैं। इस मौके पर अनाज मंडी एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राम अवतार तायल, विधायक सोमवीर सांगवान, किसान नेता प्रेम सिंह मलिक, अनाज मंडी प्रधान राजेश लांबा, दशरथ मलिक, कैलाश मलिक आदि मौजूद रहे।