आरोपियों द्वारा महिला को दिए गए नकली कड़े।
- फोटो : Hisar
हिसार। जिंदल मार्ग पर एक लैब में टेस्ट करवाने आई महिला से दो युवक अपने आप को पुलिस वाला बताकर उसके सोने के कड़े ले गए। बदले में जो कड़े दिए वो नकली हैं। कुछ देर के लिए महिला को कुछ याद नहीं रहा। उसके बाद उसने अपने पति को इस बारे में बताया। बाद में अर्बन एस्टेट पुलिस थाना में शिकायत दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
टेस्ट करवाने आए थे
मुलतानी चौक एरिया में रहने वाले और जेेजेपी की अर्बन लोकल बॉडी के जिला प्रधान जितेंद्र भ्याणा ने बताया कि उनके चाचा भीम सेन और चाची सीमा भ्याणा दिल्ली में रहते हैं। होली पर हमारे पास आए थे। आज दोपहर बाद चाचा और चाची कुछ टेस्ट करवाने के लिए जिंदल अस्पताल मार्ग पर एक लैब में पहुंचे। लैब वालों ने कहा कि टेस्ट करवाने के लिए करीब दो घंटे का इंतजार करना होना। इसके बाद चाचा ने अपनी पत्नी को कहा कि यहीं पर बैठे रहो मैं दूसरी लैब में पता करके आता हूं। कुछ देर बाद चाचा ने चाची के पास फोन कर कहा कि यहां पर टेस्ट हो जाएंगे मैं लेने के लिए आ रहा हूं, लेकिन चाची ने वहां पर इंतजार नहीं किया और वह लैब से बाहर आ गई।
कहा, कागज में कड़े रख दो
सीमा भ्याणा का कहना है कि जब लैब से बाहर निकल कर कुछ दूर चली तो पीछे से एक युवक ने आवाज लगाई। वह युवक मेरे पास आया। इसी दौरान एक और युवक आया। दोनों युवकों ने कहा कि अभी यहां पर चेन स्नेचिंग की घटना हुई है। आप अपने सोने के कड़े उतार लें। ये हमारी जिम्मेदारी है। अगर, आप कड़े नहीं उतारेंगी तो हमारी नौकरी पर बन जाएगी। उसके बाद मैंने कहा कि ठीक है मैं अपने कड़े निकाल कर रुमाल में रख लेती हूं। युवकों ने कहा कि इस कागज में रख दो सुरक्षित रहेंगे। उसके बाद युवक ने एक कागज मुझे दिया। मैंने कड़े उसमें रख दिए। फिर युवक ने चालाकी से एक कागज का टुकड़ा दिया उसमें कड़े थे। फिर एक बाइक आकर रुकी दोनों युवक उस पर सवार होकर चले गए। जब कागज खोला तो कुछ समय के लिए होश नहीं रहा। जब होश आया तो देखा कि जो कड़े थे वो नकली थे। उन्होंने बताया कि जो असली कड़े थे उनका वजन 60 ग्राम था। इस बारे में पति को बताया और डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।