फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विनोद हत्याकांड: मृतक के परिवार के खाते में 4.5 लाख रुपये डाले, परिजन बोले - आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही उठाएंगे शव

Sat, 18 Dec 2021 01:12 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, हिसार (हरियाणा)

सार

हिसार के पास गांव मीरकां में गत मंगलवार सुबह पानी की मोटर चोरी करने के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिनका उपचार चल रहा है। परिजनों ने मांगें पूरी हुए बिना शव को लेने से इनकार कर दिया है।
विज्ञापन
नागरिक अस्पताल में धरने पर बैठे लोगों से बातचीत करते तहसीलदार हरकेश गुप्ता। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिसार के मीरकां गांव निवासी विनोद की हत्या मामले में शुक्रवार को भी नागरिक अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। प्रशासन पीड़ितों को समझाने के प्रयास में जुटा रहा। पीड़ितों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले वह शव उठाने से इनकार कर कर दिया। पीड़ित परिवारों ने शुक्रवार को चौथे दिन भी मृतक विनोद का शव नहीं लिया।

विज्ञापन


इस मामले में गिरफ्तार आरोपी इंद्र, राजपाल उर्फ गोलू को एक-एक दिन के रिमांड के बाद शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से इंद्र को जेल भेज दिया गया, राजपाल को दो और दिन के रिमांड पर लिया गया है। इसी मामले में गुरुवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी भागीरथ व सरपंच के भतीजे विजय को भी शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। इन दोनों आरोपियों का अदालत से तीन-तीन दिन का रिमांड हासिल किया गया है। आरोपियों से रिमांड अवधि में वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं।

विनोद के परिवार के खाते में डाले चार लाख 12 हजार रुपये

तहसीलदार हरकेश गुप्ता ने शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में पीड़ित परिवारों को कहा कि एससी-एसटी एक्ट के तहत मिलने वाली मदद के लिए स्वीकृत राशि चार लाख 12 हजार रुपये मृतक विनोद के परिवार के खाते में चार चार किश्त में कल डाल दी गई है। घायल संदीप के खाते में एक लाख रुपये डाल दिए हैं। घायल भाल सिंह का खाता नंबर मिलते ही उसके खाते में भी एक लाख रुपये डाल दिए जाएंगे। मृतक की पत्नी को सहायता राशि के लिए 50 लाख रुपये व घायलों को 25-25 लाख रुपये के लिए, सुरक्षा के लिए आर्म्स लाइसेंस के लिए और मृतक की पत्नी को डीसी रेट पर नौकरी के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में मांग भेजी है।

तहसीलदार के हाथ में थमा दिया विनोद का बेटा, बोली इसे भी मार दो

नागरिक अस्पताल में धरने पर बैठे लोगों को जब तहसीलदार हरकेश गुप्ता समझाने पहुंचे तो उस दौरान मृतक विनोद की बहन मंजू ने विनोद का करीब एक वर्षीय बेटा तहसीलदार के हाथ में थमा दिया। उसने तहसीलदार को कहा कि या तो इसे भी मार दो या फिर आरोपियों को गिरफ्तार करो। मंजू ने कहा कि चार दिन से ये एक साल का बच्चा भी धरने पर अपने हक के लिए बैठा है।

पुलिस की जांच पर उठाए सवाल

धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि वीरवार को डीआईजी बलवान सिंह राणा ने कहा था कि पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अब पुलिस चार आरोपियों की गिरफ्तारी दिखा रही है। उनका आरोप है कि आरोपियों को भागने के लिए पुलिस समय दे रही है।

शाम को एसडीएम भी पहुंचे धरनास्थल पर

मामले में भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष प्रदीप ने कहा कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे एसडीएम जगदीप ढांडा धरनास्थल पर पहुंचे। यहां उनके समक्ष मांगें रखी गईं। जिस पर एसडीएम ने उन्हें शनिवार सुबह 10 बजे अपने कार्यालय बुलाया है। उन्होंने बताया कि डीआईजी ने अब डीएसपी अभिमन्यु लोहान को जांचकर्ता लगाया है।

धरने में पहुंची जनवादी महिला समिति

जनवादी महिला समिति की सदस्य भी शुक्रवार को भी नागरिक अस्पताल में धरना स्थल पर पहुंची। इस दौरान उपप्रधान शकुंतला जाखड़ ने कहा कि पीड़ित पक्ष की मांगों को प्रशासन पूरा करे। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने पीड़ित पक्ष की मांगों को पूरा करवाने के लिए शुक्रवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।

सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं

चार आरोपियों को अब तक गिरफ्तार व एक को राउंडअप किया जा चुका है। चारों को आज अदालत में पेश किया गया था, जिनमें से दो को एक-एक दिन के रिमांड के बाद पेश किया गया था। उनमें से एक को जेल भेजा है व दूसरे का रिमांड बढ़ा है। बाकी दो और का अदालत से रिमांड हासिल किया गया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। -डीएसपी नारायणचंद, हिसार।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें