डीआईजी पर 25 लाख रुपये मांगने के आरोप की जांच अधिकांश पूरी, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई : डीजीपी
हिसार। शहर की जीओ मैस में रविवार दोपहर बाद डीजीपी प्रशांत कुमार अग्रवाल ने रेंज के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने तुलनात्मक आपराधिक आंकड़ों के साथ-साथ स्थानीय एवं विशेष प्रावधानों के तहत आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम करना, लंबित शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा, उद्घोषित अपराधी, बेल जंपर, मोस्ट वांटेड और आपराधिक गिरोह की धरपकड़ के लिए की गई कार्रवाई, मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त दोषियों की संपत्ति को अटैच करने के आदेश दिए।
डीजीपी पीके अग्रवाल ने कहा कि संगीन किस्म के अपराधों से जुड़ी शिकायतों की गहनता से जांच करके त्वरित कार्रवाई की जाए। नशा तस्करी के धंधे पर अंकुश लगाने व नशाखोरी का कार्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में जाए। इस अवसर पर आईजी राकेश कुमार आर्य, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह, हांसी पुलिस अधीक्षक नीतिका गहलोत, जींद पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया, फतेहाबाद पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे।
जिले के पूर्व डीआईजी बलवान सिंह राणा पर लगे 25 लाख रुपये के आरोप में शिकायत आई थी। उसके बारे में रेंज आईजी राकेश कुमार आर्य को जांच सौंपी गई थी। जांच में काफी कार्रवाई हो चुकी है और शीघ्र ही रिपोर्ट हमें सौंप दी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह कहना है डीजीपी पीके अग्रवाल का। जीओ मैस में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस के कई मुद्दों जैसे अपराध, नशा और इस क्षेत्र में चुनौतियों के बारे में अधिकारियों से बातचीत की गई है।
केस वापस लेने की प्रक्रिया चल रही है
किसान आंदोलन में जितनी भी एफआईआर दर्ज हैं, उसमें से बड़ी संख्या में केस वापस लिए जा चुके हैं। जो केस बचे हैं, उनके लिए निर्धारित न्यायिक प्रणाली के तहत केस वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
प्रदेश में सभी जगह खोले जाएंगे साइबर थाने
आमजन साइबर से जुड़ता जा रहा है और ठगी के केस भी बढ़ रहे है। साइबर क्राइम में बड़ी बात ये है कि इसकी कोई भौगोलिक सीमा नहीं है। कोई आदमी कहीं भी बैठा कर साइबर क्राइम कर सकता है, इसलिए यह पुलिस के लिए चुनौती है। इसके लिए हमने थानों में साइबर डेस्क स्थापित किए हैं, ताकि पीड़ित व्यक्ति वहां अपनी शिकायत कर सकें और पुलिस तुरंत इस पर कार्रवाई कर सके । प्रदेश में आठ जिलों में साइबर थाना खोले गए हैं। इस साल में हमारा प्रयास रहेगा कि पूरे प्रदेश में सभी जगह साइबर थाने खोले जाएं। प्रदेश भर में शुरू की गई डायल 112 पर अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। लोगों ने हमें फीडबैक दिया है कि कॉल करने के बाद डायल 112 समय पर पहुंचती है। इसका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। इस मौके पर आईजी राकेश कुमार आर्य, एसपी लोकेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।