हिसार। भारी भरकम बिजली बिल देख उपभोक्ताओं का पारा हाई हो गया है। इसके बाद में उमरा बिजली घर के कर्मचारियों से बात की तो उन्होंने भी गोलमोल जवाब दिए। उपभोक्ताओं ने बिजली मंत्री से समाधान की गुहार लगाई है।
रामायण गांव के बिजली उपभोक्ता बिट्टू के घर के मीटर में पिछले दो महीने की 196 रीडिंग निकाली। बिल भेज दिया 32 हजार का। रामायण निवासी सुभाष चंद्र हर बार बिजली बिल भरता था, इसके बावजूद विभाग की तरफ से 47 हजार रुपये बिल भेजा गया है। एरिया के लाइनमैन घर आकर मीटर उखाड़ने की चेतावनी दे रहे हैं। वहीं एक उपभोक्ता ने बताया कि उसका मीटर चालू है लेकिन रिकॉर्ड में उसे डेड दिखाया गया है।
वीरवार को रामायण गांव के उपभोक्ता जब उमरा के बिजली निगम के कार्यालय में बिल ठीक करवाने पहुंचे तो वहां मौजूद जूनियर इंजीनियर व लिपिकों ने कहा कि जब तुम्हारे बिल कम आते थे उस समय तुम हमारे पास क्यों नहीं आए। आज तुम्हारा बिल ज्यादा आ गया है तो हंगामा कर रहे हो। एक उपभोक्ता की शिकायत पर कर्मचारियों ने कहा कि तुम्हारा मीटर बंद पड़ा है, इस वजह से बिजली बिल ज्यादा आया है। क्योंकि मीटर ने रुकी हुई पिछली चार हजार यूनिट को उठा लिया है, अब तो तुम्हें यह बिल पूरा भरना पड़ेगा। बिजली कर्मचारियों ने बताया कि कई बार मीटर रीडिंग लेने वाला कर्मचारी व उपभोक्ता की मिलीभगत से भी रीडिंग कम लिखी जाती है।
1050 रुपये भरकर नया मीटर लगवा लो, समाधान हो जाएगा
बिजली उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली कर्मचारी हर बार रीडिंग लेकर जाते थे। हर महीने अलग-अलग बिजली बिल आता था। अगर मीटर बंद था तो रीडिंग कम-ज्यादा क्यों आई। वहीं नया मीटर लगवाने की बात कहने वाले बिजली कर्मचारी इस बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहे हैं। वह कह रहे हैं कि 1050 रुपये का फार्म भरकर नया मीटर लगवा लो, तुम्हारा समाधान हो जाएगा। अगर समय पर नया मीटर नहीं लगवाया तो बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा और जितना भी बिजली आया हुआ है वह पूरा भरवाया जाएगा।
उपभोक्ताओं की पीड़ा
हमारा बिजली मीटर सही चल रहा है। 196 मीटर रीडिंग का बिजली का बिल 32 हजार रुपये भेजा है। उमरा बिजली घर में गए लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उमरा बिजली घर के रिकॉर्ड में हमारा मीटर डेड बताया गया है। इस बात की जानकारी कर्मचारियों को भी नहीं है कि मीटर रिकॉर्ड में डेड किसने लिखा। कर्मचारी कह रहे हैं कि पूरा बिल भरना पड़ेगा। मैं मजदूरी करता हूं, इतना बिल कहां से भरूंगा। - बिटू, रामायण
हम निरंतर बिल भरते आ रहे हैं। हमारा बिल 34870 रुपये भेजा गया। उमरा बिजली घर के कर्मचारियों ने कहा कि तुम्हारा मीटर बंद था जिस कारण पुरानी रीडिंग के हिसाब से बिल भेजा है। बिजली कर्मचारी कह रहे हैं कि नया मीटर लगवाना पड़ेगा या फिर पूरा बिल भरना पड़ेगा। बिजली मंत्री से हमारी मांग है कि समस्या का समाधान करवाया जाए। - सुशील कुमार, रामायण
हमारा बिजली बिल पिछले 2 महीने की 348 यूनिट का 17 हजार रुपये आया हुआ है। बिजली कर्मचारियों का कहना है कि तुम्हारा मीटर बंद था, तुम बंद मीटर का बिल भर रहे थे। अब कंप्यूटर द्वारा रुकी हुई पुरानी रीडिंग के हिसाब से बिल भेजा है। अगर हमारा मीटर बंद था तो बार-बार बिल क्यों भरवाया जा रहा था। - अजय, रामायण
हमारे दो महीने कि 161 यूनिट का 20478 रुपये बिजली बिल आया हुआ है। बिजली कर्मचारियों का कहना है कि यह बिल भरना पड़ेगा। हम लगातार बिल भरते आ रहे हैं। कभी किसी बिजली कर्मचारी ने नहीं बताया कि तुम्हारा मीटर खराब है। - कमलेश रानी, रामायण