हिसार। कछुआ चाल के कारण अवसर एप फेल हो गया है। वीरवार को शिक्षा विभाग की ओर से तीसरी और चौथी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की थी, लेकिन एप नहीं चलने से दोनों कक्षा के 26735 विद्यार्थियों मे से एक या दो विद्यार्थी ही परीक्षा दे पाए, शेष विद्यार्थी परीक्षा नहीं दे सके। इस कारण विभाग ने परीक्षाओं को कुछ समय के लिए टाल दिया है।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह साढ़े 8 बजे सरकारी स्कूलों में सेट परीक्षा के लिए अवसर एप पोर्टल खोले गए, लेकिन दो घंटे तक तो पोर्टल कछुआ चाल चला मगर उसके बाद पूरी तरह से एप ने काम करना बंद कर दिया। सरकारी स्कूलों में तीसरी कक्षा का अंग्रेजी व पर्यावरण विषय जबकि चौथी कक्षा का हिंदी व गणित विषय का पेपर था।
आज 5वीं और 6 कक्षा के विद्यार्थी देंगे परीक्षा
शुक्रवार को सरकारी स्कूलों के पांचवीं व छठी कक्षा के कुल 27575 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसमें पांचवी कक्षा के कुल 14029 विद्यार्थी अंग्रेजी व पर्यावरण विषय की परीक्षा देंगे। जबकि छठी कक्षा के कुल 13546 विद्यार्थी अंग्रेजी व विज्ञान विषय की परीक्षा देंगे।
टैब व एड्रॉयड फोन न होने से बढ़ी परेशानियां
शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर की घोषणा के बावजूद अभी तक सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों को न तो टैब मिले हैं और न ही एड्रायड फोन। जिस कारण अधिकांश विद्यार्थी एक-दूसरे के मुंह ताकते नजर आ रहे हैं। खासकर शिक्षकों को एड्रॉयड फोन की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वीरवार को अवसर एप नहीं चला। जिस कारण तीसरी व चौथी कक्षा के विद्यार्थी परीक्षा नहीं दें सके। शिक्षा विभाग के अधिकारी इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पा रहे हैं। - राजसिंह मलिक, जिला प्रधान, हरियाणा मास्टर वर्ग एसोसिएशन