हिसार। हिसार से सुबह 5:10 बजे गुरुग्राम के लिए चलने वाली रोडवेज बस को अभी तक शुरू नहीं किया गया है। इसके बाद छह बजे जाने वाली बस में भीड़ के कारण यात्रियों को सीट नहीं मिल रही है। यात्री खड़े होकर सफर करने को मजबूर है।
बता दें, कि सर्दी में सवारियां कम होने के कारण सुबह 5:10 बजे चलने वाली बस को बंद कर दिया था, लेकिन अब सवारियां बढ़ने के बावजूद अभी तक बस को चलाया नहीं गया है। कई बार तो छह बजे चलने वाली बस में यात्रियों के पैर रखने की जगह तक नहीं होती। कई बार यात्री सुबह 5:10 बजे चलने वाली बंद पड़ी बस को चलाने की मांग कर चुके हैं। ट्रैफिक इंचार्ज रमेश मोर का कहना है कि दो-तीन दिन में बस चला दी जाएगी। उसके बाद सीट को लेकर यात्रियों को कोई परेशानी नहीं होगी।
उधर, अमृतसर-अजमेर ट्रेन का नरैना स्टेशन पर होगा ठहराव
रेलवे की ओर से नरैना में आयोजित दादू दयाल मेले में यात्रियों की सुविधा के लिए अजमेर-अमृतसर ट्रेन का नरैना स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव किया गया है। ट्रेन का ठहराव 7 मार्च से 13 मार्च तक रहेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 19611/13, अजमेर-अमृतसर 7 मार्च से 13 मार्च तक नरैना स्टेशन पर शाम 6:55 बजे पहुंचेंगी और शाम 6:57 बजे रवाना होगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 19612/14, अमृतसर-अजमेर ट्रेन सात मार्च से 13 मार्च तक नरैना स्टेशन पर सुबह 7:30 बजे पहुंचेंगी। यहां दो मिनट ठहराव के बाद सुबह 7:32 बजे रवाना होगी।