उकलाना- हटाकर पेड़ के नीचे डाला गया उद्घाटन पत्थर
- फोटो : Hisar
उकलाना मंडी। पुरातत्व एवं अभिलेखागार राज्यमंत्री अनूप धानक के उद्घाटन पत्थर को कुछ लोगों ने उखाड़कर पीपल के पेड़ के नीचे रख दिया। जब यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो जजपा के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की मौजूदगी में दोबारा से इसे लगवाया।
राज्यमंत्री अनूप धानक सोमवार को उकलाना के गांव सरसाना में सार्वजनिक चबूतरे का उद्घाटन करने पहुंचे। मंत्री उद्घाटन कर लौटने के कुछ समय बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर करते हुए उद्घाटन पत्थर को उखाड़ को एक पेड़ के नीचे डाल दिया। गांव के कुछ लोगों ने इसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी, जिसके बाद मामला मंत्री अनूप धानक तक भी पहुंचा। दोपहर बाद जजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रशासन की मदद से पत्थर को दोबारा से दूसरी जगह लगाया गया। पहले यह पत्थर मंदिर की दीवार पर लगाया गया था। बाद में इसे नीचे की ओर चबूतरे की दीवार पर लगाया गया। इस बारे में ग्रामीणों की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। जिसमें ग्रामीण कह रहे हैं कि जिस कार्य के लिए राज्यमंत्री ने कोई अनुदान नहीं दिया, वहां भी पत्थर लगा दिया। गांव के कुछ लोग इसे राजनीति से प्रेरित बता रहे हैं।
उकलाना- वह दीवार जहां से हटाया गया मंत्री का उद्घाटन पत्थर- फोटो : Hisar