हिसार। दिल्ली में 2022 में होने वाली फुटबाल एशियन चैंपियनशिप से पहले अभ्यास मुकाबले में हिसार के गांव मंगाली की बेटी रेणु ने अपनी प्रतिभा दिखाई। बहरीन में हुए मुकाबले में भारतीय टीम ने ताइपे को 1-0 से हराया। इस मैच में एकमात्र गोल मंगाली की रेणु ने किया। अब शनिवार को स्वीडन के साथ भारतीय टीम का मैच होगा।
फिजिकल लेक्चरार सुखविंद्र कौर और फुटबाल कोच नरेंद्र कुमार ने बताया कि ताइपे की रैंकिंग भारतीय टीम से काफी ऊपर है। उसके बावजूद टीम में खेल रही मंगाली की बेटी रेणु ने जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उल्लेखनीय है कि मंगाली की बेटी रेणु नेशनल से इंटरनेशनल स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। खेलो इंडिया में दो बार गोल्ड मेडल जीत चुकी है। कोच नरेंद्र कुमार ने बताया कि भारतीय टीम में हरियाणा से चार खिलाड़ी खेल रही हैं। इसमें हिसार के गांव मंगाली से रेणु, सोनीपत से श्रेया हुड्डा, भिवानी से रीतू और संजू शामिल हैं।