बास। फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाकर रेलवे में टीई (टिकट एग्जामिनर) के पद पर नौकरी हासिल करने वाले के खिलाफ पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। हिसार के पटेल नगर निवासी सोनिया ने बताया कि उसके पति सीसर निवासी नरेश कुमार की जन्म तिथि प्राइमरी से आठवीं कक्षा तक राजकीय हाई स्कूल सीसर के रिकॉर्ड के अनुसार 10 अगस्त 1988 है। आरोपी ने सीएचसी सोरखी में झूठा शपथ पत्र देकर जन्म तिथि 6 नवंबर 1993 करवा ली। इसका रजिस्ट्रेशन 14 सितंबर 2009 में दर्ज है। आरोपी ने वर्ष 1993 की जन्म तिथि के अनुसार ओपन स्कूल से 10वीं व 12वीं कक्षा का जन्म प्रमाण पत्र हासिल कर लिया। इस प्रकार आरोपी ने पांच साल उम्र कम करके खेलों में भाग लिया और पदक हासिल किए। इसके आधार पर आरोपी नरेश कुमार ने रेलवे विभाग में टीई के पद पर नौकरी हासिल कर ली।
सोनिया ने पुलिस को बताया कि नरेश ने रेलवे विभाग को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर गुमराह करके टीई की नौकरी हासिल की है। शिकायत के बाद मामले की जांच में आरोपी पाए जाने के बाद बास पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।