महिला मित्र की वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगी पांच लाख की फिरौती
हिसार। शहर निवासी एक व्यक्ति ने आजाद नगर थाने में अज्ञात के खिलाफ उसकी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर फिरौती मांगने की शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 384 के तहत केस दर्ज किया है।
पीड़ित ने बताया कि आर्य नगर बाईपास के पास उसका गोदाम है। किसी ने उसका मोबाइल हैक कर लिया, जिसमें उसकी महिला मित्र की एक वीडियो है। दो दिन पहले उसके पास रात करीब साढ़े 9 बजे एक नंबर से व्हाट्सएप संदेश आया। संदेश भेजने वाले ने कहा कि उसके पास उसकी वीडियो है। आरोपी ने वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। आरोपी ने चार अगस्त को उसे मलिक चौक पर बुलाया, जब वह मौके पर पहुंचा तो आरोपी बिना कुछ कहे चला गया। इसके बाद उसके पास दोबारा संदेश आया और साढ़े चार लाख में समझौते की बात कही। शनिवार सुबह करीब 8 बजे आरोपियों ने उसे सिरसा बाईपास पर बुलाया और 4 लाख रुपये की मांग की। पुलिस को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।