हिसार। जिले में डेंगू से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। जिले में डेंगू से यह पहली मौत है। इसके अलावा डेंगू के चार नए मरीज मिले हैं। इस तरह जिले में डेंगू मरीजों का आंकड़ा 56 हो गया है। यह पिछले दो सालों के अंतराल में जिले में डेंगू से पहली मौत है।
मृतक शहर के शिव नगर का रहने वाला था। वह निजी अस्पताल में दाखिल था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उधर निजी अस्पताल प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को दो दिनों के बाद सूचना दी है। नाबालिग की मौत रविवार को हुई थी। मगर मंगलवार दोपहर को विभाग को सूचना दी गई है। अभी भी निजी अस्पताल ने विभाग को नाबालिग की मौत के बारे में आधी-अधूरी डिटेल भेजी है।
वेंटिलेटर पर था मरीज
विभाग के अनुसार नाबालिग को शनिवार को अस्पताल में दाखिल किया गया था। उस समय उसकी हालत गंभीर थी, जिस कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। वह अन्य बीमारियों से ग्रस्त था।
इन जगहों पर मिले डेंगू के मरीज
मंगलवार को आई रिपोर्ट में गंगवा निवासी 52 वर्षीय महिला, सेक्टर 14 की 33 वर्षीय महिला, देव नगर का 36 वर्षीय युवक, सेक्टर 13 का 35 वर्षीय युवक डेंगू पॉजिटिव मिला है। ज्यादातर मरीज निजी अस्पतालों में दाखिल हैं। केवल एक मरीज जिला अस्पताल में दाखिल है।
फॉगिंग जरूरी, लेकिन दवा की कमी
पूरे शहर में लारवा फैला है। मलेरिया व डेंगू के मच्छर पनप चुके हैं। लारवा को खत्म करने के लिए फॉगिंग करना जरूरी है। मगर स्वास्थ्य विभाग के फॉगिंग वाली दवा की कमी है और विभाग ने 100 लीटर दवा की मांग भेजी है। नगर निगम शहर में फॉगिंग के लिए दवा की अधिक मांग कर रहा है। विभाग निगम को प्रतिदिन 10 लीटर दवा उपलब्ध करवा रहा है।
वर्जन
मंगलवार को डेंगू के चार मरीज मिले है। एक किशोर की डेंगू से मौत हुई है। अभी मृतक मरीज की पूरी डिटेल नहीं आई है। निजी अस्पताल प्रबंधन को कहा गया है कि हमें जल्द पूरी हिस्ट्री भेजें। नगर निगम को फिलहाल 10 लीटर दवा दी है। हमने दवा की मांग भेजी हुई है।
- डॉ. सुभाष खतरेजा, जिला सर्विलांस व आईडीएसपी प्रभारी, हिसार।
प्रशासन हुआ फेल तो लोग अपने स्तर पर करवाने लगे फॉगिंग
शहर में बढ़ती डेंगू के मरीजों की संख्या के बावजूद शहर में फॉगिंग नहीं करवाई जा रही है। अब तो लोग अपने स्तर पर ही फॉगिंग करवाने लगे हैं। मंगलवार को पार्षद अमित ग्रोवर ने सेक्टर 13 आरडब्ल्यूए प्रधान अमरलाल बूरा के सहयोग से फॉगिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान सेक्टर -13, जिंदल स्ट्रिप्स और बरवाला चुंगी के पास फॉगिंग की गई।पार्षद ने बताया कि निगम आयुक्त ने सीएमओ हिसार को दवा उपलब्ध करवाने या दवा कहां से मिलेगी उसकी जानकारी देने को पत्र लिखा है, ताकि निगम अपने स्तर पर दवाई मंगवा सके।