भावदीन टोल प्लाजा पर हृदयाघात से किसान की मौत
डिंग मंडी। कृषि कानूनों के विरोध में और एमएसपी व अन्य मांगों को लेकर भावदीन टोल प्लाजा पर किसान आंदोलन चल रहा है। इस आंदोलन में लंगर सेवा करने वाले किसान सुखदेव सिंह निवासी डिंग रोड की मंगलवार रात को हार्ट अटैक से मौत हो गई।
किसान नेता हरविंद्र सिंह थिंद ने बताया कि 65 वर्षीय सुखदेव सिंह मंगलवार शाम का लंगर तैयार करने में मदद कर रहा था। इसी दौरान उन्हें छाती में तेज दर्द हुआ। जिस पर किसान उन्हें डिंग रोड स्थित अस्पताल में लेकर पहुंचे। वह मौजूद डॉक्टरों ने पीड़ित को सिरसा स्थित अस्पताल में ले जाने के लिए बोल दिया। डिंग रोड से सिरसा पहुंचते समय उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस दौरान मृतक के परिजन भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच गए थे। जब परिजन व किसान उन्हें लेकर सिरसा स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचे तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आटा चक्की का था काम
डिंग-हिसार रोड पर सुखदेव सिंह की आटा चक्की थी। पिछले कई महीनों से वह किसान आंदोलन से जुड़े थे और लंगर तैयार करने की सेवा करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां है। वहीं टोल पर किसानों ने उनकी मौत पर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक व्यक्त किया।