हिसार। औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिलिकेट केमिकल नाम की फैक्टरी में केमिकल से भरे ड्रम उतारने के दौरान एक ड्रम के फटने से हुए गैस रिसाव के प्रभाव से फैक्ट्ररी मालिक, बेटे समेत अन्य आठ की तबीयत बिगड़ गई। इस फैक्ट्री में थिनर और सैनिटाइजर बनाया जाता है। पीड़ित कृष्ण के बयान पर पुलिस ने फैक्ट्ररी मालिक पर धारा 304 के तहत केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा वीरवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ था। उस दौरान मजदूरों की तबीयत ठीक थी। करीब सात घंटे बाद तबीयत बिगड़ी तो घायलों को अस्पतालों में दाखिल करवाया गया। कर्मचारी अनरजीत फेक्ट्री में हादसे के बाद शाम को अस्पताल से घर आ गए थे। लेकिन रात 10 बजे तबीयत बिगड़ने पर लाइफलाइन अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
-----
फैक्ट्री मालिक के रिश्तेदार संजय गोयल ने बिहार के वैशाली के जावज जोज निवासी 38 वर्षीय मृतक अनरजीत की पत्नी 30 वर्षीय चानो देवी को और उसकी छह साल की बेटी प्रीति की दो-दो लाख की एफडी करवाने की मांग की है। साथ ही बड़े बेटे दीपू को पिता की जगह नौकरी देने का आश्वासन दिया। 13 वर्षीय बेटे के 18 साल का होने तक हर महीने 10,000 रुपये बैंक खाते में डालने का लिखित आश्वासन भी दिया। शाम करीब चार बजे डीआइजी बलवान सिंह राणा निजी अस्पतालों में घायलों से मिलने पहुंचे।
------
ड्रम फटकर गली तक आ गया था केमिकल....
बिहार के समस्तीपुर जिले के राजेंद्र ने बताया कि उसका जीजा अनरजीत पिछले करीब दो साल से इस फैक्ट्री में काम कर रहा था। हादसे के समय ड्रम फटकर गली में सड़क पर आ गया था। फैक्टरी के सामने भी केमिकल बिखर गया। कैमिकल के प्रभाव से सभी की आंखों में जलन हुई और सांस फूलने लगी थी। सभी अस्पताल से दवा लेकर अपने घर चले गए।
-----
सांस व आंखों में दिक्कत....
फैक्ट्री मालिक राजेंद्र मोदी, उनका बेटा संदीप मोदी, कृष्ण लाल, दिनेश, पवन, मनोज, नितिन, विवेक घायल हुए हैं। जिन्हें सांस लेने में दिक्कत है और आंखों से धुंधला दिख रहा है।
------
वर्जन...
हमने घायल कृष्ण के बयान पर धारा 304 के तहत केस दर्ज किया है। मामले में जांच की जा रही हैं। मौके की सीसीटीवी फुटेज भी ली जाएगी।
- एसआइ अनिल कुमार, प्रभारी, अर्बन एस्टेट थाना, हिसार।
-----