हिसार। सातरोड़ कलां गांव के युवा पर्यावरण बचाने की दिशा सराहनीय कार्य कर रहे हैं। कोरोना की दूसरी लहर में एक दोस्त की ऑक्सीजन की कमी से मौत हुई तो उसके दोस्तों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। इसके बाद सातरोड़ कलां गांव में इन युवाओं ने करीब तीन हजार पौधे लगाए। इतना ही नहीं पौधे लगाने के साथ-साथ युवा पौधों की देखभाल भी करते हैं। युवाओं ने गांव पाला पर्यावरण मित्र टीम के नाम से संगठन भी बनाया है। संगठन से करीब 480 युवा जुड़ चुके हैं।
पर्यावरण वृक्ष मित्र टीम के प्रधान पाला ने बताया कि गांव के युवाओं ने गांव को हरा-भरा बनाने व अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। वहीं, अब निशुल्क पौधे वितरित करने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए नर्सरी तैयार की जा रही है। इस नर्सरी में फलदार, फूलदार व औषधीय पौधे उगाए गए हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे पर्यावरण बचाओ व पौधे लगाओ अभियान में सहयोग करें, ताकि किसी की ऑक्सीजन की कमी से जान न जाए। संवाद