हिसार के मंडी आदमपुर खंड के गांव मोहब्बतपुर में बुधवार तड़के करीब तीन बजे संदिग्ध परिस्थितियों में घर में आग लग गई। इस दौरान सो रही दो सगी बहन मोनिका (19) और रिंकू (15) की जलने से मौत हो गई। शोर सुनकर पड़ोस में रह रहे मृतकों के ताऊ और उसके बेटे ने दो अन्य बच्चों को सकुशल बचा लिया।
सूचना के बाद आदमपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जरूरी तथ्य जुटाए। पुलिस आगजनी की घटना, हादसा है या कोई साजिश समेत अन्य पहलुओं के मद्देनजर जांच कर रही है। पुलिस को मौके से डीजल की खाली बोतल मिली है।
घटना के समय मृतक बहनों की मां मायके गई हुई थी, जबकि पिता छोटूराम हादसे के बाद से लापता है। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया।
मंगलवार रात छोटूराम की बेटी 19 वर्षीय मोनिका, 17 वर्षीय खुशबू, 15 साल की रिंकू, 13 साल का शुभम घर में अंदर कमरे में चारपाइयों पर सो रहे थे। उनके पिता छोटूराम बरामदे में सो रहे थे। बुधवार तड़के करीब तीन बजे कमरे में अचानक आग लग गई। इस दौरान खुशबू व शुभम ने शोर मचाया तो घर के साथ मकान में रह रहे उनका ताऊ पवन व उसका लड़का राहुल आए और दोनों को बाहर निकाला।
इसके बाद आग ज्यादा भड़ुक गई, जिसमें दो सगी बहनों की मौत हो गई। राहुल ने पुलिस को बताया कि आग की घटना के समय छोटूराम घर पर नहीं था। एफएसएल टीम इंचार्ज डॉ. अजय व फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से डीजल की एक खाली बोतल बरामद की है।