हाईवे पर सैनीपुरा ओवरब्रिज के नीचे दो गाड़ियों में आए बदमाशों ने करीब 20 राउंड फायर किए। हिसार के निजी अस्पताल में घायलों को भर्ती कराया है। हांसी एसपी नितिका गहलोत, डीएसपी जुगल किशोर अस्पताल पहुंचे है।
हरियाणा के हिसार में दिल्ली हाईवे पर सैनीपुरा ओवरब्रिज के नीचे गुरुवार शाम करीब 6 बजे दो गाड़ियों में आए बदमाशों ने जाट आरक्षण आंदोलन में सजायाफ्ता दलजीत सिसाय समेत पांच लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। दलजीत सिसाय और उसके चार साथी घायल हो गए। बदमाशों ने घायलों की गाड़ियों के चारों तरह करीब 20 राउंड फायर किए। इस दौरान घायल दलजीत सिसाय का साथी गाड़ी को भगाकर अनाज मंडी पुलिस चौकी ले गया।
विज्ञापन
इसके बाद घायल दलजीत सिसाय, खेड़ी जालब निवासी अमित बूरा, खेदड़ निवासी दीपक, चानौत निवासी दीपक और राजस्थान के कालवास निवासी राकेश को हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद हांसी एसपी नितिका गहलोत, डीएसपी जुगल किशोर अस्पताल पहुंचे।
दलजीत सिसाय फरवरी 2016 में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हांसी के ढाणी पाल निवासी मिंटू की हत्या के मामले में अंतिम सांस तक की सजा भुगत रहा है। निजी अस्पताल में उपचाराधीन सिसाय गांव के रहने वाले दलजीत सिसाय ने बताया कि वह 42 दिन की पैरोल पर आया हुआ है। शनिवार 7 मई को उसे सरेंडर करना था। जेल जाने से पहले अपनी रिश्तेदारियों में जा रहा था।
गुरुवार शाम को अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर अपनी ससुराल भिवानी जिले के गांव प्रेम नगर जा रहा था। जब उनकी गाड़ी हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर सैनीपुरा ओवरब्रिज के नीचे पहुंची तो एक कार हमारी गाड़ी के आगे आकर रुकी। गाड़ी से पांच छह युवक उतरे और हमारी गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
विज्ञापन
गाड़ी चला रहा अमित गाड़ी का टायर फटने के बावजूद सभी की जान बचाते हुए अनाज मंडी पुलिस चौकी ले गया। दलजीत ने बताया कि सभी को गोलियां और छर्रे लगे हैं। राकेश की गर्दन में गोली अटकी हुई है। मेरे पांव और दोनों हाथों पर गोलियां लगी हैं। तीनों अन्य साथियों को भी गोलियां लगी हैं।
पांच लोगों को गोली लगने की सूचना के बाद मौके पर पुलिस टीम पहुंची। घायलों के बयान लेने के लिए टीम भेजी गई है। छह-सात अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। मौके से कुछ खोल बरामद किए हैं। - जुगल किशोर, डीएसपी, हांसी