जाट धर्मशाला में करीब एक महीना पहले राष्ट्रीय खिलाड़ी राकेश कुमार की हत्या के मामले में सीआईए-टू की टीम ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए अभियुक्तों में कृष्णा नगर निवासी प्रवीण और डाबड़ा हॉल माल कॉलोनी कैमरी रोड हिसार निवासी अमित उर्फ मोनू शामिल हैं। पुलिस ने अभी इन आरोपियों से हत्या में प्रयोग की गई पिस्तौल की भी बरामदगी करनी है। वहीं पुलिस की टीम राकेश की हत्या करने में सहयोगी आरोपी संत नगर निवासी नीरज उर्फ गट्टू, गंगवा निवासी सियाराम, कैमरी निवासी संदीप बॉक्सर और कैमरी के ही सुरेंद्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। पुलिस कोर्ट में पेश कर दोनों अभियुक्तों का रिमांड मांगेगी।
प्रवीण मलिक ने पूछताछ में बताया कि 9 अक्तूबर की शाम को उसके समेत 6 लड़के जाट धर्मशाला में बैठे शराब पी रहे थे। इसी दौरान दनौदा निवासी खिलाड़ी राकेश व दो तीन अन्य लड़के आपस में झगड़ रहे थे। हमने उन्हें झगड़ा न करने के बारे में कहा। वे लोग उन्हीं से उलझ गए।
इस दौरान प्रवीण ने मोनू से रिवॉल्वर लिया और उन पर तान दिया। उसके साथी रिवॉल्वर देख भाग खड़े हुए। राकेश ने उसका विरोध किया। तैश में आकर प्रवीण ने उसको गोली मार दी और दोनों वहां से भाग निकले।
ऐलनाबाद व एटा राजस्थान में छिपे रहे दोनों
पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि वे दोनों आरंभ में मोनू के रिश्तेदार के पास ऐलनाबाद में रुके। उसके बाद वे दूसरे रिश्तेदारों के पास गांव एटा राजस्थान के खेतों में छिपे रहे। वारदात के इतने दिन बाद जैसे ही दोनों खरक पूनिया गांव आ रहे थे तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
आपराधिक प्रवृति के हैं दोनों
पुलिस प्रवक्ता ने बताया है कि प्रवीण व अमित उर्फ मोनू पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। इन पर पहले भी अलग-अलग थानों में केस दर्ज है। पुलिस ने बताया है कि प्रवीण पर दुर्घटना, लड़ाई झगड़ा, हत्या की प्रयास, शस्त्र अधिनियम के पहले चार केस दर्ज हैं। इसी तरह अमित उर्फ मोनू पर थाना शहर हिसार में हत्या प्रयास का पहले भी एक केस दर्ज है।