अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
ऑटो मार्केट के पास एक बाइक एजेंसी के कैशियर से वीरवार रात बाइक सवार दो युवक पिस्टल दिखाकर दो लाख रुपये लूट ले गए। सिटी थाना पुलिस देर रात तक लुटेरों की टोह में जुटी थी।
बताया जाता है कि ऑटो मार्केट स्थित एक बाइक एजेंसी का कैशियर प्रशांत दिनभर की सेल के दो लाख रुपये लेकर बाइक पर चला था। वह ऑटो मार्केट से सिटी थाना रोड पर चढ़ने लगा तो बाइक सवार दो युवकों ने उसकी मोटरसाइकिल रुकवा ली। फिर उन्होंने पिस्टल दिखाकर उससे दो लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। कैशियर ने वारदात के बाद मालिक और सहकर्मियों को फोन पर सूचना दी। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सिटी थाना प्रभारी ललित कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का जायजा लिया। देर रात तक पुलिस की टीम जांच में जुटी थी।
काली टी-शर्ट पहने थे लुटेरे
पुलिस सूत्रों के अनुसार लुटेरे काली टी-शर्ट पहने हुए थे। एक हेलमेट पहने हुए था। दोनों सीडी डीलक्स बाइक पर सवार थे। कैशियर चिल्ला नहीं पाया और वे दोनों वारदात कर फरार हो गए। सिटी थाना और सीआईए की टीम लुटेरों की तलाश में जुटी थी।
चौधरीवास पेट्रोल पंप के लुटेरों का सुराग नहीं
चौधरीवास में बुधवार रात सीडी डीलक्स बाइक सवार दो लुटेरों ने पिस्टल दिखाकर 2.65 लाख रुपये लूट लिए थे। सदर थाना पुलिस अब तक लुटेरों का सुराग नहीं लगा पाई है। बासड़ा का संदीप कुमार चौधरीवास में आर्यन पेट्रोल पंप चलाता है। बिना नंबर की सीडी डीलक्स बाइक सवार दो युवकों ने वारदात की थी। एक युवक केबिन के बाहर स्टार्ट बाइक लिए खड़ा था और दूसरा युवक हेलमेट पहने केबिन में घुस गया था। उसने कैशियर रोहताश पर पिस्तौल तानकर 2.65 लाख की नकदी लूट ली थी और फिर दोनों बाइक पर गांव कालवास की तरफ फरार हो गए थे। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। सदर थाना प्रभारी देवेंद्र नैन का कहना है कि अभी लुटेरे हाथ नहीं लगे हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।