अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
तीन युवकों ने ट्रैफिक पुलिस के एएसआई सुभाष चंद्र के बेटे संजीव को नई पुलिस लाइन के अंदर से खींचकर बाईपास पर हमला कर उसकी टांग तोड़ दी। घायल को यहां सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
नई पुलिस लाइन निवासी संजीव ने बताया कि वह एक निजी संस्थान से प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना का डिप्लोमा कर रहा है। पड़ाव का एक युवक बरवाला चुंगी के आसपास खड़ा रहता है और वहां से आती-जाती कॉलोनी की लड़कियों पर फब्तियां कसता है। उसने मंगलवार को उससे वहां न खड़ा होने के लिए बोला था। तब हम दोनों में बहस हो गई थी। वह उसे देख लेने की धमकी देकर चला गया था। घायल ने बताया कि पड़ाव का वह युवक दो अन्य के साथ वीरवार सुबह बाइक पर आया। मैं उनको देखकर खतरा भांपकर वापस पुलिस लाइन के गेट में आ गया। वे तीनों अंदर आ घुसे और उसे खींचकर बाहर बाईपास पर ले आए। वहां तीनों ने उस पर ईंटों से हमला कर दिया, जिससे उसकी एक टांग में फ्रेक्चर आ गया। घायल ने आरोप लगाया कि हमलावर उसकी चेन छीन ले गए और मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीन युवकों ने हमला कर एएसआई के बेटे की टांग तोड़ी