अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सूर्यनगर की गली नंबर आठ में बुुधवार देर शाम बाइक पर आए तीन-चार युवकों ने 30 वर्षीय फाइनेंसर धर्मेंद्र उर्फ धर्मू पर फायरिंग कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। धर्मू को छह गोलियां मारकर बाइकर फरार हो गए। परिजन घायल को सिविल अस्पताल से अग्रोहा पीजीआई में ले गए थे। सिटी थाना पुलिस ने इस संबंध में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सूर्यनगर की गली नंबर 12 निवासी जितेंद्र ने बताया कि उसका भाई धर्मेंद्र फाइनेंस का काम करता है। धर्मेंद्र शाम को करीब साढे़ सात बजे गली नंबर आठ में एक परचून की दुकान के आगे खड़ा होकर सेक्टर-13 निवासी दोस्त विकास के साथ बातें कर रहा था। तभी वहां दो बाइक पर चार युवक आए। उन्होंने आते ही धर्मेंद्र पर पिस्तौलों से फायरिंग शुरू कर दी। धर्मेंद्र गिर गया और वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हमला करने के बाद हमलावर फरार हो गए। बाद में परिजन घायल को एक वाहन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे सिविल अस्पताल में भेज दिया। इसके बाद में घायल को सिविल अस्पताल में ले गए तो चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वारदात की सूचना मिलने पर सूर्यनगर चौकी के इंचार्ज रमेश कुमार टीम समेत सिविल अस्पताल में पहुंचे। पुलिस की एक टीम घटनास्थल और दूसरी टीम अग्रोहा पहुंची।
घायल का भाई बोला, रंजिशन किया हमला
पुलिस को दिए बयान में जितेंद्र ने बताया कि सेक्टर-1-4 के घोलू पंडित पर छह महीने पर रॉड वगैरहा से हमला हुआ था। तब उसने उसके भाई धर्मेंद्र और तीन-चार अन्य पर केस दर्ज कराया था। उसने बताया कि उसी रंजिश के चलते घोलू और तीन अन्य बाइक पर आए और उसके भाई को गोलियां मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसका भाई शादीशुदा है और उसकी एक बेटी है।
यह बोले चिकित्सक
सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में डॉ. अल्केश ने बताया कि घायल को छह गोलियां लगी हैं। चार गोलियां बाईं टांग, एक कोहनी और एक बाएं जबड़े पर लगी है। हालत चिंताजनक बनी हुई है। घायल को अग्रोहा भेजा गया है। घायल सिविल अस्पताल में होने की सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल वहां पहुंच गया था।
मैंने सूचना मिलने पर घटनास्थल का दौरा किया। जिंदल अस्पताल और सिविल अस्पताल में भी गया। यह हमला रंजिशन हुआ है। इस मामले में नामजद घोलू पंडित और दो अन्य पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
-ललित कुमार, एसएचओ सिटी थाना हिसार