विजिलेंस ने फिर नई पुलिस लाइन और जींद में मारे छापे, नहीं मिली इंस्पेक्टर सरोज बाला
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। हनी ट्रैप और रिश्वत प्रकरण में विजिलेंस की एक टीम ने बुुधवार को नई पुलिस लाइन की आवासीय कॉलोनी के एक क्वार्टर और जींद में छापेमारी की। मगर टीम को वहां महिला थाना की तत्कालीन प्रभारी इंस्पेक्टर सरोज बाला नहीं मिली। टीम बैरंग लौट आई।
विजिलेंस के डीएसपी शरीफ सिंह की टीम ने सुबह नई पुलिस लाइन के क्वार्टर में छापा मारा। लेकिन टीम को वहां इंस्पेक्टर सरोज बाला नहीं मिली। उसका ससुर मिला, उसने बताया कि सरोज कई दिनों से बाहर है। टीम तब लौट आई। टीम दोपहर को फिर छापेमारी के लिए जींद रवाना हुई। टीम ने जींद पहुंचकर चंद्रलोक कॉलोनी में छापा मारा। लेकिन सरोज बाला वहां भी नहीं मिली। टीम को वहां उसकी जेठानी मिली, उसने बताया कि सरोज नहीं आई। उसके बाद टीम लौट आई। पुलिस अब महिला थाना के सीसीटीवी की फुटेज चेक कर रही है।
.....................................
यह है पूरा मामला
डाबड़ा चौक के पास के एक होटल के मैनेजर राजेश कुमार ने विजिलेंस को शिकायत देकर कहा था कि एक अनजान युवती ने उसे 26 अप्रैल को फोन कर पारिजात चौक के पास के एक होटल में बुलाया। वहां युवती ने उसे नशा मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाई। वह कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद बेहोश हो गया। उसके बाद युवती ने उस पर गलत काम करने का आरोप लगाया। कुछ देर बाद इंस्पेक्टर सरोज बाला का फोन आया। उसने कहा कि थाने में आ जाओ, तुम्हारे खिलाफ रेप की शिकायत आई है। वह थाने में गया तो मामला रफा-दफा करने के लिए 3 लाख रुपये की मांग की गई। विजिलेंस ने 28 अप्रैल को महिला थाना के आगे एसएचओ के ड्राइवर सुरेंद्र को 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। फिर विजिलेंस ने बिचौलिए योगेश को पकड़ा था। इंस्पेक्टर सरोज, भेरी अकबरपुर का महेंद्र शिला और सिरसा रोड की अनीता फरार हैं। विजिलेंस सिरसा की युवती को जेल भेज चुकी है।