कांग्रेसी नेता गांव खैरमपुर में स्कूल के बाहर चल रहे धरने पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिलाया कि वे उनके साथ हैं और आदमपुर का चौकीदार बनकर 24 घंटे हलके में रहकर लोगों के काम करवाएंगे।
हिसार के मंडी आदमपुर के गांव खैरमपुर में स्कूल बचाओ-शिक्षा बचाओ कमेटी द्वारा शिक्षकों की कमी को लेकर राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला के बाहर दिए जा रहे धरने पर बुधवार शाम आदमपुर उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे जयप्रकाश उर्फ जेपी पहुंचे।
विज्ञापन
इस दौरान उन्होंने 50 हजार से अधिक वोट देने पर आदमपुर की जनता का आभार जताया। कहा कि वे आदमपुर की जनता का अहसान जिंदगी भर नहीं भूलेंगे। कुलदीप बिश्नोई पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके समर्थक गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। हिसार में भी उन पर जानलेवा हमले का प्रयास किया गया।
उन्होंने भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई के विजय जुलूस के बाद गांव खैरमपुर में धरना दे रहे ग्रामीणों के टेंट में आग लगाने की घोर निंदा की। जेपी ने कहा कि 54 साल में पहली बार गांव खैरमपुर के मतदाताओं ने भजनलाल परिवार के खिलाफ मतदान कर उनके गढ़ की चूल हिला दी है। बाकी कसर 2024 में निकाल देंगे।