नगर निगम कार्यालय के पास रोड में आईं दरारें।
- फोटो : Hisar
हिसार। निर्माण के एक साल से पहले ही लक्ष्मीबाई चौक से मलिक चौक फोरलेन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। यही नहीं 500 मीटर फोरलेन पर 16 जगहों पर पैचवर्क भी लगाए जा चुके हैं। रोड के साथ बनाया गया फुटपाथ भी धंस गया है।
बता दें कि 1.220 किलोमीटर लंबी इस रोड का निर्माण पिछले वर्ष किया गया था। जून में यह रोड बनकर तैयार हुई थी। इस दौरान सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर सात-सात मीटर की गई। सड़क के बीच में 1.20 मीटर का वर्ज बनाने के साथ दोनों तरफ फुटपाथ का निर्माण भी किया गया। इस रोड के निर्माण पर एक करोड़ 91 लाख 34 हजार रुपये की राशि खर्च की गई। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता का आवास भी इस रोड पर स्थित है।
सड़क के नीचे दबा दिए मैनहोल
निगम कार्यालय के मुख्य गेट के आगे रोड पर बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। स्टेडियम मोड़ से लेकर लक्ष्मी पेड़ा भंडार तक रोड की लंबाई 500 मीटर है। इस 500 मीटर के हिस्से में दोनों तरफ के हिस्से में अलग-अलग जगहों पर करीब 16 पैचवर्क लगे हुए हैं। इनमें से कई पैचवर्क भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस रोड के निर्माण के दौरान ठेकेदार ने सभी मैनहोल को नीचे दबा दिया। रोड बनने के बाद जनस्वास्थ्य विभाग ने अपने मैनहोल को संभाला। इन मैनहोल को ढूंढने के लिए जगह-जगह से रोड तोड़ दी गई। इससे बने गड्ढों को पैचवर्क करके ठीक किया गया। इसके अलावा कई जगहों पर फुटपाथ भी धंस गया है।
रोड पर लगाए जाएंगे 50 फैंसी स्ट्रीट लाइट पोल
दिल्ली व राजगढ़ रोड की तरफ इस रोड पर 50 फैंसी स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाएंगे। पोल लगाने के लिए बेस तैयार किए जा रहे हैं। इन पोल पर करीब 50 लाख रुपये खर्चा आएगा। वहीं इस रोड के डिवाइडर पर हरियाली विकसित की जाएगी। इसके लिए लक्ष्मीबाई चौक से स्टेडियम मोड़ के बीच डिवाइडर पर गमले रखे जाएंगे।