अग्रोहा। अमर उजाला फाउंडेशन और भाटिया अस्पताल की ओर से रविवार को निशुल्क हृदय रोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। भाटिया अस्पताल के संचालक डॉ. नरेंद्र भाटिया ने बताया कि शिविर में सपरा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ दिनेश सहगल, डीएम व कॉर्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जन डॉक्टर जय भगवान ढुल, डॉ. मुकुल भाटिया व कीर्ति भाटिया अपनी सेवाएं दीं।
शिविर में 75 लोगों ने ईसीजी, ब्लड, शुगर टेस्ट कराए। जांच के दौरान कई लोगों में हृदय संबंधी बीमारियों के लक्षण मिले। इसके अलावा नसों की रुकावट व बदलते मौसम के कारण सर्दी, जुकाम और खांसी के लक्षण मिले। डॉ. नरेंद्र भाटिया व सर्जन डॉक्टर जयभगवान ढुल ने बताया कि जांच के दौरान 25 से 35 वर्ष के बीच के करीब 8 से 10 युवाओं में हृदय संबंधी रोग के लक्षण ज्यादा दिखाई दिए। इस दौरान चिकित्सकों ने युवाओं को धूम्रपान और शराब से दूर रहने की सलाह दी।
सर्जन डॉ. जयभगवान ढुल ने बताया की हार्टअटैक आज के जमाने में परेशान करने वाली बीमारी बन चुकी है। खानपान, धूम्रपान, शुगर, प्रदूषण आदि कारणों से हार्ट अटैक की आशंका बनी रहती है। बुजुर्गों के अलावा आजकल युवा पीढ़ी में यह समस्या देखने को बहुत ज्यादा मिल रही है। इसलिए युवाओं को सबसे ज्यादा ध्यान देना चाहिए। उन्हें समय-समय पर अपनी जांच करवाते रहना चाहिए। सुबह-शाम आधा घंटा व्यायाम करना चाहिए जिससे शरीर की थकान दूर होगी व शरीर तंदुरुस्त बनेगा। इस मौके पर लक्षिता, राजप्रीत सिंह, रतन सिंह, अमित आदि स्टाफ उपस्थित रहा।
दिल के दौरे से एक महीने पहले दिखने लगते हैं लक्षण
चिकित्सकों के अनुसार दिल के दौरे से एक महीने पहले ही लक्षण दिखने शुरू हो जाते हैं। अगर हम समय रहते इन लक्षणों को पहचान लें तो काफी हद तक इस बीमारी से बचा जा सकता है। बिना मेहनत करने या कम मेहनत करने पर भी अधिक पसीना आना, लगातार चक्कर आना, बार-बार बीपी लो होना से धमनियों में रुकावट होने से शरीर में खून की कमी हो जाती है। इससे घबराहट और कमजोरी जैसी समस्या होती है। सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, जकड़न आदि को भी नजरअंदाज न करें। इनसे भी हार्ट अटैक की आशंका बनी रहती हैं। इसके अलावा ठंड लगना, बुखार होना, पेट में दर्द एसिडिटी लक्षण दिखें तो तुरंत चिकित्सकों से संपर्क कर जांच करवानी चाहिए।
सुबह अमर उजाला अखबार पढ़ने से हमें पता चला कि भाटिया अस्पताल में जांच शिविर लगा हुआ है। मुझे करीब 15 दिन से भूख नहीं लग रही थी। थकान भी महसूस हो रही थी। शिविर में शुगर, बीपी, ईसीजी टेस्ट फ्री में किए गए। चिकित्सकों ने बताया कि अधिक धूम्रपान व चाय पीने से लीवर कमजोर हो रहा है। चाय व धूम्रपान बंद करने व योग करने की सलाह दी। - देवीलाल मित्तल, श्यामसुख
पिछले करीब 10 दिन से पेट व सीने में दिक्कत थी। आज सुबह अखबार पढ़ा तो मुझे कैंप के बारे में पता चला। इसलिए हम जांच करवाने के लिए कैंप में आ गए। चिकित्सकों ने जांच के दौरान ईसीजी, शुगर की जांच की। जांच के बाद लीवर में सूजन बताई है। चिकित्सकों ने धूम्रपान नहीं करने और चाय कम पीने की सलाह दी है। - परमेश्वर, खेरमपुर
हमें अखबार मैं लगी खबर से कैंप का पता चला। करीब एक सप्ताह से सीने में जलन हो रही थी। भूख भी कम लग रही है। हमने चेकअप करवाया तो चिकित्सकों ने लीवर में सूजन बताई। चिकित्सकों ने हमारे ईसीजी, शुगर टेस्ट फ्री किए। चिकित्सकों ने गरम मसाले व तली हुई चीजें बंद करने व दिन में चाय कम पीने की सलाह दी है।
- मैना देवी, खासा महाजन
मेरे बेटे ने सुबह अखबार पढ़ा तो पता चला कि आदमपुर रोड पर भाटिया अस्पताल में जांच शिविर लगा हुआ है। मैं अपने परिवार के साथ और अस्पताल में जाकर जांच करवाई तो चिकित्सकों ने शुगर संबंधित समस्या बताई। अब तक इसकी जानकारी मुझे नहीं थी। अब मैं उचित एहतियात बरत सकूंगी। इसलिए हमें समय-समय पर अपनी जांच करवाते रहना चाहिए। - लीलावती बंसल, निवासी अग्रोहा