हरियाणा के जिला फतेहाबाद के उपमंडल टोहाना में फाइनेंसर को गोली मारने के बाद अब हमलावराें ने उसके पार्टनर से 20 लाख की चौथ मांगी है।
चौथ की रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने एसीएल कंपनी के पार्टनर विजय ग्रोवर की शिकायत पर मामला दर्ज कर उसे पुलिस सुरक्षा दी है।
पुलिस को दी अपनी शिकायत में विजय ग्रोवर निवासी पुरानी सब्जी मंडी टोहाना ने बताया कि वह रेलवे रोड पर डाकखाने के सामने एसीएल नामक फाइनेंस कंपनी चलाता है।
इसमें वेस्टर्न यूनियन के माध्यम से विदेशाें से करंसी मंगवाई जाती है और डॉलर एक्सचेंज का काम करता है।
पिछले तीन दिन से उसके मोबाइल नंबर 93158-84490 पर 85103-61420 नंबर से फोन कर 20 लाख की चौथ मांगी जा रही है।
फोन करने वाले ने धमकी दी कि है कि अगर उसे यह रकम नहीं मिली तो उसे भी उसके हिस्सेदार परमिन्द्र उर्फ लक्की की तरह गोली मार देगा।
गौरतलब है कि 14 सितंबर की दोपहर को टोहाना के मिलन चौक पर फाइनेंस कंपनी के मालिक गांव कुदनी निवासी परमिंद्र सिंह उर्फ लक्की को बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवकाें ने गोली मार दी थी।
बॉक्स
शिकायत के 4 दिन बाद दर्ज हुआ मामला
एसीएल कंपनी के संचालक परमिंद्र सिंह उर्फ लक्की को 14 सितंबर की दोपहर को गोली मारी गई थी। उसी दिन रात को उसके पार्टनर विजय ग्रोवर के पास चौथ के लिए फोन आया था।
विजय ग्रोवर ने 14 सितंबर को पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। उसके बाद विजय के पास तीन बार चौथ के लिए फोन आ चुके हैं।
पुलिस ने 18 सितंबर को मामला दर्ज किया है। इस बारे में पूछने पर टोहाना थाना प्रभारी कुलदीप सिंह कोई जवाब नहीं दे सके।
बॉक्स
टोहाना के एसएचओ लाइनहाजिर
शहर टोहाना के प्रभारी सुभाष बिश्नोई को पुलिस अधीक्षक एससी अत्री ने लाइनहाजिर कर दिया है।
उनकी जगह एसआई कुलदीप सिंह को थाना प्रभारी बनाया गया है। माना जा रहा है कि टोहाना में अपराधाें पर अंकुश न लगा पाने के कारण ही बिश्नोई को बदला गया है।
बॉक्स
टोहाना में बढ़ रहा है अपराध का ग्राफ
पिछले कई दिनाें से टोहाना में लगातार अपराध बढ़ रहा है। टोहाना में आए दिन हत्या, लूटपाट, फिरौती की घटनाएं बढ़ रही हैं।
इसको लेकर व्यापारियाें व विपक्षी दलाें के लोगाें ने पिछले दिनाें टोहाना बंद भी किया था, लेकिन अपराध के ग्राफ में कोई कमी नहीं आई।