गांव दहमान में अज्ञात लोगों ने किया पंचायती तालाब की जमीन पर कब्जा
दहमान में पंचायती तालाब की छह एकड़ से अधिक भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा करने के उद्देश्य से रातों-रात ट्रैक्टरों की मदद से बुवाई एवं बिजाई कर डाली
तालाब की खुदाई को लेकर एक सप्ताह पहले पंचायत विभाग ने करवाई थी पैमाइश
भूना (फतेहाबाद)। गांव दहमान में पंचायती तालाब की लगभग छह एकड़ से अधिक भूमि पर कुछ लोगों ने रातों-रात ट्रैक्टरों की मदद से बुवाई एवं बिजाई कर दी है। उपरोक्त लोगों ने पंचायती जमीन पर कब्जा करने की नियत से कार्रवाई की है। ग्रामीणों की सूचना मिलते ही ग्राम सचिव अमित सिंगला मौके पर पहुंचे। जिन्होंने पंचायत की तालाब की जमीन को देखा तो वहां पर ट्रैक्टरों की सहायता से बिजाई व बुवाई की हुई मिली। जिसके बाद ग्राम सचिव अमित सिंगला ने लिखित शिकायत देकर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद फतेहाबाद- कम- खंड विकास पंचायत अधिकारी भूना को अवगत कराया। एचसीएस अधिकारी सुरेश कुमार ने दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर सोमवार को दहमान में पंचायती तालाब की जमीन का निरीक्षण किया। उन्होंने तुरंत पंचायती जमीन पर कब्जा करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में लिखित पत्र भेज कर मुकदमा दर्ज करने की सिफारिश की है। वही उपायुक्त व डीडीपीओ और एसडीएम को मामले से अवगत कराया गया है।
गांव दहमान में अंजूवाला पंचायती तालाब की एक सप्ताह पहले पैमाइश करवाई गई थी। जिसमें मनरेगा योजना के तहत तालाब की खुदाई का कार्य शुरू किया जाना था। मगर रविवार की रात्रि को अज्ञात लोगों ने ट्रैक्टरों की मदद से पंचायती जमीन पर बिजाई कर दी और कुछ जगह पर आनन-फानन में पेड़ों की टहनियां लगा दी। जिससे अज्ञात लोगों ने पंचायती तालाब की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से प्रयास किया गया है। जिसकी वर्तमान कीमत दो करोड़ से भी अधिक है। पंचायत विभाग ने पंचायती जमीन पर कब्जा कार्रवाई को लेकर तत्काल प्रभाव से एक्शन लिया है। कब्जा स्थल का सोमवार को बीडीपीओ सुरेश कुमार व पटवारी पुनीत कुमार सिहाग व ग्राम सचिव अमित सिंगला आदि ने निरीक्षण करके कब्जे से संबंधित पहलुओं की जांच की।
-अमित सिंगला, ग्राम सचिव भूना
: तालाब की खुदाई करके गांव में बारिश के पानी समस्या का समाधान करना चाहते हैं प्रशासक
गांव दहमान में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद ग्रामीणों को पानी निकासी व्यवस्था से काफी जूझना पड़ा था। पंचायत प्रशासक एवं एचसीएस अधिकारी सुरेश कुमार अब भविष्य में उपरोक्त समस्या का समाधान करने के उद्देश्य से अंजू वाला जोहड़ की खुदाई करके बारिश के पानी की निकासी व्यवस्था बनाना चाहते हैं। उसी उद्देश्य को लेकर एक सप्ताह पहले अंजूवाला पंचायत जोहड़ की जमीन की निशानदेही की गई थी। मगर कुछ अज्ञात लोगों ने रविवार की रात्रि को पंचायती जमीन पर बिजाई एवं बुवाई करके कब्जा कर लिया।