फतेहाबाद। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे के भांपते हुए स्वास्थ्य विभाग सर्तक हो गया है। वहीं सरकार द्वारा सख्ती बरतने पर लोग टीकाकरण के लिए पहुंचने लगे हैं। सोमवार को 12 हजार लोगों ने वैक्सीन लगवाई। एक तरफ जहां महामारी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट नजर आ रहा है वहीं नागरिक अस्पताल में तैयार हो रहे 10 बेड के आईसीयू के लिए अमेरिका से दिल्ली एयरपोर्ट पर मशीनें आ चुकी हैं। बताया जा रहा है कि कस्टम की क्लीयरेंस के बाद इन्हें यहां भेजा जाएगा। मशीनें आने के बाद उम्मीद है आईसीयू शुरू हो जाएगी।
नागरिक अस्पताल में उपकरण को लेकर रिपोर्ट भी तैयार की
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग कितना तैयार है और क्या अभी जरूरतें है इसको लेकर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. डीएन बागड़ी ने जिले के सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण किया। निदेशक ने सबसे पहले नागरिक अस्पताल फतेहाबाद का निरीक्षण किया और तैयारियों को जांचा। इसके अलावा कितने उपकरण यहां पर उपलब्ध है इसको लेकर रिपोर्ट भी तैयार की। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. वीरेश भूषण, उप सिविल सर्जन मेजर डॉ. शरद तुली, नागरिक अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉ. गिरीश, विशेषज्ञ डॉ. मनीष, डॉ. सुभाष और डॉ. हमेश मौजूद रहे।
निदेशक ने कोरोना संक्रमण की तैयारियों को लेकर नागरिक अस्पताल में तैयार हो रही आईसीयू का निरीक्षण किया और उसे जल्द शुरू करने के आदेश दिए। नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि दो मशीनें जो बाहर से आनी है वह दिल्ली पहुंच चुकी है, यहां आने के बाद इसे शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद निदेशक ने कोविड वार्ड का निरीक्षण किया और यहां पर बनी आईसीयू को जांचा। इसके बाद नागरिक अस्पताल में मौजूद वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सिलिंडर, ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर की रिपोर्ट ली। नागरिक अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट को भी जांचा गया। इसके बाद रतिया और टोहाना के अस्पताल में भी तैयारियों का निरीक्षण किया गया।
15 फीसदी बुजुर्ग गंभीर बीमारियों से पीड़ित
कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर बूस्टर डोज देने की तैयारी है। ये डोज बुजुर्गों को भी दी जाएगी। हालांकि अभी तक इसको लेकर गाइडलाइन नहीं आई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की माने तो ये डोज गंभीर बीमारी से पीड़ित बुजुर्गों को दी जाएगी। जिसमें टीबी, कैंसर, शुगर आदि बीमारी शामिल है। जिले में इनकी संख्या करीब 15 फीसदी है। करीब डेढ़ लाख लोग ऐसे हैं जिनकी उम्र 60 साल से ऊपर है। ऐसे में करीब 22 हजार 500 लोगों को ये डोज लग सकती है। हालांकि ये डोज डॉक्टर की सलाह पर दी जाएगी।
जिले में नहीं कोई एक्टिव केस
कोरोना संक्रमण को लेकर जिले में फिलहाल राहत है। यहां कोई एक्टिव केस नहीं है। सोमवार को जिले में कोरोना के 738 सैंपल लिए गए। इसमें आरटीपीसीआर के 602 सैंपल लिए गए है। अभी लैब से फिलहाल 808 सैंपलों की रिपोर्ट आनी है। जिले में अब तक 3.57 लाख सैंपल लिए जा चुके है। इसमें 17 हजार 838 कोरोना संक्रमित मिले। फिलहाल जिले में रिकवरी रेट 97.28 फीसदी रहा है।
जिले में सोमवार को ये हुआ टीकाकरण
पात्र टीकाकरण
60 साल से ऊपर 1037
45 से 59 साल 2859
18 से 44 साल 8050
सख्ती का डर, 12 हजार ने करवाया टीकाकरण
कोरोना टीकाकरण को लेकर एक जनवरी से होने वाली सख्ती को लेकर लोगों को डर सताने लगा है। ये ही वजह है टीकाकरण शिविरों में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। सोमवार को जिले में 12 हजार लोगों ने टीकाकरण करवाया है। इसमें 2231 लोगों ने कोविशील्ड की पहली और 8842 ने दूसरी डोज लगवाई। इसके अलावा कोवैक्सीन की 435 लोगों ने पहली और 438 ने दूसरी डोज लगवाई है।
लोग जल्द से जल्द कोरोना टीकाकरण करवाएं
जिले में कोरोना वैक्सीन की कोई कमी नहीं है और जगह-जगह टीकाकरण के शिविर लगाए जा रहे है। सोमवार को जिले में करीब 12 हजार लोगों ने टीकाकरण करवाया है। जो लोग रह गए है वह जल्द से जल्द टीकाकरण करवा लें।
- मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन