भूना (फतेहाबाद)। गोरखपुर थर्मल प्लांट के लिए नहरी पानी की सप्लाई हेतु निर्माणाधीन आरसीसी माइनर पर अक्तूबर महीने में खैरी रोड के पास 200 क्विंटल सरिया चोरी की घटना को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को भूना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अन्य शातिर बदमाश भाग गए। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया है। पुलिस ने दोनों आरोपी सागर उर्फ विपिन कुमार निवासी कल्याणपुरी नई दिल्ली व गुरनाम सिंह कल्याणपुरी नई दिल्ली को न्यायालय में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया है। जांच अधिकारी दलबीर नैन व सतीश कुमार के नेतृत्व में इन चोरों को पकड़ा गया है।
थाना प्रभारी रामपाल लोहचब ने बताया कि 20 अक्तूबर 2023 को गोरखपुर थर्मल प्लांट में निर्माणाधीन आईसीसी माइनर के ठेकेदार गांव तिगाणा जिला मुजफ्फरनगर निवासी मोहम्मद सैयद हसन ने पुलिस शिकायत में बताया था कि 5 व 6 तथा 7 अक्तूबर 2023 की रात्रि को ट्रैक्टर-ट्राॅली में भरकर 200 क्विंटल सरिया चोरी कर लिया गया। निर्माण कार्य स्थल पर सरिया गायब होने को लेकर उन्हें जब सूचना मिली तो 20 अक्तूबर को भूना थाने में शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद ली। पुलिस की जांच में एक मोबाइल नंबर सामने आया था। जिसके आधार पर अंतरराज्यीय चोर गिरोह तक पहुंचने के लिए योजना तैयार की गई। भूना पुलिस ने कल्याणपुरी नई दिल्ली की पुलिस का भी सहयोग लिया। पुलिस टीम ने मोबाइल नंबर लोकेशन के आधार पर दबिश दी और मौके से दो युवकों को काबू कर लिया।