रतिया में महिला पर हमला करते हुए पशु
रतिया। रतिया के शक्ति नगर में एक पागल खच्चर ने एक महिला को पटक-पटक कर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने जब यह घटना देखी तो उन्होंने बड़ी मुश्किल से खच्चर को दूर भगाया और घायल महिला को एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है जिसके बाद शहर वासियों ने लावारिस पशुओं को पकड़ने की मांग तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुरानी गोशाला के पास रहने वाली एक महिला जो कि एक ब्यूटी पार्लर पर काम करती है शुक्रवार को पैदल ही ब्यूटी पार्लर की तरफ जा रही थी। जैसे ही वह शक्ति नगर में एक चौक के पास पहुंची तो वहां पर खड़े पागल खच्चर ने महिला पर हमला कर दिया और उसे उठाकर पटकने लगा। महिला की चीख सुनकर आस-पड़ोस में काम कर रहे लोग भागकर वहां पहुंचे और डंडों की मदद से खच्चर को दूर भगाया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को लोगों ने तुरंत निजी अस्पताल में दाखिल करवाया जहां पर उसका इलाज चल रहा है। शहर वासियों का कहना है कि शहर में बहुत से लावारिस पशु घूम रहे हैं जो कि राह चलते लोगों व बाइक चालकों पर हमला कर देते हैं, इसलिए आवारा पशुओं को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।
पशु चिकित्सक सुनील बिश्नोई ने बताया कि उक्त खच्चर की सूचना मिली थी टीम को मौके पर भेजा तो उक्त पशु आसपास नहीं मिला पशु की खोजबीन करके इलाज करवाया जाएगा।