पुरानी सब्जी मंडी मार्केट में होलसेल की दुकान पर रखे रंग व पिचकारी।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। होली के त्योहार में मात्र पांच दिन शेष बचे हैं। मगर अभी तक बाजार पूरी तरह गुलजार नहीं हुए हैं। प्रमुख बाजारों में अभी ठंडा माहौल है। थोक विक्रेताओं को सोमवार से बाजार में स्टालें लगने की उम्मीद है। इसलिए उन्होंने रंग-गुलाल, पिचकारियों को दुकानदारों तक पहुंचाने की तैयारी कर ली है। इस बार 17 मार्च को होलिका दहन होगा जबकि 18 मार्च को फाग महोत्सव मनाया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले दो साल से कोरोना के कारण होली का त्योहार फीका ही रहा है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों ने पूरे उत्साह से होली नहीं मनाई। इस बार होली पूरी शान के साथ मनाने की उम्मीद लगाई गई, लेकिन बाजार में अभी पूरी रौनक नजर नहीं आ रही है। दुकानदारों के अनुसार होली से तीन दिन पहले स्टाल लगाने का सिलसिला शुरू होता है। इसलिए सोमवार, मंगलवार व बुधवार को बाजारों में स्टालें सजाई जाएंगी। 17 मार्च को होलिका दहन के दिन भी स्टालें लगी रहेंगी। होलसेल विक्रेताओं ने अलग-अलग वैरायटी का गुलाल व पिचकारियां उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की है। हालांकि, चाइनीज रंगों को ज्यादा महत्व नहीं दिया जा रहा है।
ये हैं पिचकारियों के दाम
पाइप पिचकारी : 10 से 200 रुपये
टैंक : 200 से 400 रुपये
खिलौना : 15 से 750 रुपये
प्रेशर गन : 90 से 750 रुपये
स्प्रे : 30 से 100 रुपये
कोट
अभी तक बाजार ठंडा ही है। सोमवार को स्टालें लगने के बाद पता चलेगा कि इस बार होली पर कारोबार कैसा रहेगा। हमने अलग-अलग वैरायटी का सामान उपलब्ध करवाने के लिए तैयारी पूरी कर रखी है।
मनोहर लाल, थोक विक्रेता
कोट
दो साल के बाद इस बार होली पर कोरोना की मार नहीं है। ऐसे में उम्मीद है कि अगले तीन-चार दिनों में बाजार गुलजार होंगे और कारोबार अच्छा रहेगा। अब लोग पूरे जश्न के साथ त्योहार मनाने में कोई दिक्कत महसूस नहीं कर रहे।
-कुलदीप कुमार, दुकानदार