चिल्ली पर बने डिस्पोजल के लिए आई मशीन।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। शहर के चिल्ली क्षेत्र से पानी निकासी के लिए बनाए जा रहे डिस्पोजल प्लांट पर लगने वाली मशीनें आ गई है। यह गुजरात के अहमदाबाद से आई हैं। डिस्पोजल प्लांट पर मशीनें लगने के बाद पानी निकासी का काम पूरा हो जाएगा। ये प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद शहर के जवाहर चौक, डीएसपी रोड, भीमां बस्ती, थाना रोड के लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। बारिश के दौरान यहां पर जलभराव हो जाता था। डिस्पोजल टैंक शुरू होने के बाद यहां से पानी रंगोई नाले में जाएगा। करीब आठ किलोमीटर तक जनस्वास्थ्य विभाग ने पाइप लाइन बिछाई है।
चिल्ली क्षेत्र से पानी निकासी के लिए नगर परिषद ने जन स्वास्थ्य विभाग को आठ करोड़ रुपये दिए थे। इसको लेकर जनस्वास्थ्य विभाग ने टेंडर जारी किया था। पानी निकासी के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है लेकिन मानसून के चलते मोटर लगाने का काम नहीं हो पाया था। अब अहमदाबाद से मशीनें पहुंची है जिसे लगाने के बाद काम शुरू हो जाएगा।
कन्या स्कूल में बनने वाले डिस्पोजल टैंक में एकत्रित होगा पानी
शहर के धर्मशाला रोड, तुलसीदास चौक, बर्फ फैक्टरी वाली गली का बारिश पानी पहले कन्या स्कूल में बनने वाले डिस्पोजल टैंक में एकत्रित होगा। यहां से पंप के जरिए चिल्ली टैंक में ले जाया जाएगा। इसके बाद यहां से रंगोई नाले में छोड़ा जाएगा। कन्या स्कूल में बनने वाले डिस्पोजल टैंक का टेंडर जारी हो चुका है।
चिल्ली से रंगोई नाले तक करीब 8 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने का काम हो चुका है। करीब 90 फीसदी काम पूरा हो गया है। मशीन आ गई हैं, उसे लगाने का काम रह गया है। जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
- आशीष गर्ग, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग फतेहाबाद