फतेहाबाद के पुराना बस स्टैंड पर छबील पर जलजीरा पीते लोग
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। जिले में गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। भयंकर गर्मी पड़ने से लोगों का घरों के बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। लू के थपेड़ों व बढ़े हुए तापमान के कारण बाजार में आने वाले परेशान दिखाई दे रहे हैं। भयंकर गर्मी को लेकर सरकार ने भी पहली बार रेड अलर्ट जारी किया है। फतेहाबाद में रविवार को अधिकतम तापमान 47 डिग्री के पार पहुंच गया। रविवार को शहर में सन्नटा पसरा रहा और लोग शाम तक घरों में ही दुबके रहे। भयंकर का असर पशु पक्षियों पर भी हो रहा है और वह पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते दिखाई दिए।
फतेेहाबाद में पिछले एक सप्ताह से सूर्यदेव के आग के गोले की तरह पड़ रहे हैं। रविवार अब तक का सबरे गरम दिन रहा तो भयंकर गर्मी व लू के कारण लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त सा हो गया है। सप्ताह की शुरूआत में पारा जहां 44 डिग्री व 45 डिग्री पर था, रविवार को दिन का तापमान पढ़कर 47 पहुंच गया। वहीं रात का तापमान भी 30 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे रात को भी लोगों को गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। भयंकर गर्मी के कारण रविवार को पूरा शहर सुनसान नजर आया। शहर की सभी सड़कें व बाजार सुने पड़े दिखाई दिए। दिनभर लू चलती रही और लोग धूप से बचने के लिए चश्मे व मुंह पर रुमाल बांधे दिखाई दिए। शाम तक लोगों को लू से कोई राहत नहीं मिली। बच्चे भी खेलने के लिए शाम 7 बजे के बाद ही पार्कों में पहुंचे। वहीं दिन में शहर के कई स्थानों पर लोगों ने पानी की छबील लगाकर लोगों को गर्मी से राहत दिलवाने का प्रयास किया। पुराना बस स्टैंड पर युवाओं के एक झुंड ने लोगों के नींबू युक्त जलजीरा का प्रबंध किया हुआ था।
कृषि मौसम विभाग, एचएयू के अनुसार, अभी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। हालांकि 17 मई को हवाओं के साथ कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन 18 मई से तापमान में परिवर्तन आएगा और तापमान में गिरावट देखी जाएगी।
दूसरी:- फतेहाबाद की अनाजमंडी में गर्मी से निजात के लिए वाटर कूलर से शरीर पर पानी डालता मजदूर।- फोटो : Fatehabad