नागरिक अस्पताल में सुबह 11 बजे दवाई लेने के लगी भीड़।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में डिस्पेंसरी के बाहर मरीजों को दवाई के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। गर्भवती से लेकर बुजुर्गों को भी दवाई के लिए एक से दो घंटे तक लाइन में लगना पड़ रहा है। इससे गुस्साए मरीजों ने वीरवार को डिस्पेंसरी के बाहर एक बार हंगामा शुरू कर दिया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
मरीजों ने कहा कि उन्हें दवाई लेने के लिए एक से दो घंटे तक लाइन में लगना पड़ रहा है। कई मरीज तो ऐसे है जो कि लाइन में भी नहीं लग पाते है। भयंकर गर्मी पड़ रही है और दवाई देने के लिए लंबा इंतजार करवाया जा रहा है। हालात ये है कि पर्ची अंदर पकड़वाने के लिए धक्का-मुक्की तक होती है। वहीं डिस्पेंसरी में पहले कोविड कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी वे हटाए जा चुके हैं। इसके चलते डिस्पेंसरी में एक ही फार्मेसी ऑफिसर है। जबकि अस्पताल में रोजाना 650 से 700 तक मरीज दवाई लेने के लिए आ रहे हैं।
कोट
फार्मेसी ऑफिसर की कमी है, डिस्पेंसरी में व्यवस्था चलाने के लिए एक अन्य फार्मेसी ऑफिसर की ड्यूटी लगाई गई है जो कि मदद कर रहा है। व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
-डॉ. राजेश चौधरी, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी