अफीम सहित पकड़े गए दोनों आरोपी
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। एंटी नारकोटिक्स सेल ने नेशनल हाईवे नंबर-9 पर न्यू हाईवे होटल के पास कार में सवार दो लोगों को काबू करके उनसे लाखों रुपये की एक किलो 540 ग्राम अफीम बरामद की है। दोनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से एक आरोपी को हिसार जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि दूसरे को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम नेशनल हाईवे पर न्यू हाईवे होटल के पास गश्त के दौरान पहुंची थी। इसी दौरान सामने से एक कार आई, जिसे देखकर कार चालक कार को मोड़कर सर्विस रोड की ओर भगाने लगा। पुलिस ने करीब आधा किलोमीटर दूर तक पीछा करके उनको रोक लिया और कार की तलाशी ली तो उसमें से एक किलो 540 ग्राम अफीम बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान भैरूलाल निवासी गांव मंगलवाड़ जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) व उगमालाल निवासी गणेशपुर जिला अजमेर (राजस्थान) के तौर पर हुई है। फतेहाबाद सदर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर शनिवार को अदालत में पेश किया। जहां पर उगमालाल को न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया, वहीं भैरूलाल को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। जांच अधिकारी एसआई महाबीर सिंह ने बताया कि भैरूलाल से रिमांड अवधि के दौरान वह अफीम कहां से लेकर आया है, इसकी पूछताछ की जाएगी, साथ ही मौके की निशानदेही की जाएगी।