फतेहाबाद। नगर परिषद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने के बाद रविवार को शहर के डंपिंग प्वाइंट से कचरा उठना शुरू हो गया। नगर परिषद अधिकारियों ने दो बुलडोजर और चार ट्रैक्टर-ट्रॉली लगवाकर करीब 340 टन कचरा उठवाया है। हालांकि अभी भी करीब 140 टन कचरा डंपिंग प्वाइंट पर ही पड़ा है। अधिकारियों का दावा है कि सोमवार से मुख्य बाजार व वार्डों में रूटीन सफाई शुरू हो जाएगी।
डोर टू डोर कचरा लेने के लिए भी नगर परिषद की टाटा एस गाड़ियां वार्डों में पहुंची और कचरा इकट्ठा किया। लोगों के घरों में पिछले 11 दिन से कचरा इकट्ठा हो रहा था। डोर टू डोर कचरा उठान होने से लोगों ने भी राहत की सांस ली है। वहीं नगर परिषद ने बेशक बुलडोजर लगवाकर कचरा का उठान शुरू करवा दिया लेकिन कई प्वाइंट से रविवार शाम तक पूरी तरह से कचरा नहीं उठ पाया। पुराना बस स्टैंड, पीएनबी बैंक के सामने, रतिया चुंगी और बीघड़ रोड पर कचरे के ढेर लगे रहे। पीएनबी बैंक के सामने डंपिंग प्वाइंट से आधा-अधूरा ही कचरा उठाया गया। इसके अलावा पुराना बस स्टैंड से शाम तक कचरा नहीं उठाया गया था।
हड़ताल में बंद थी नाइट स्वीपिंग मशीन, उठे सवाल
नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान नाइट स्वीपिंग मशीन भी बंद रही। जबकि इसका ठेका निजी एजेंसी के पास है। हड़ताल के दौरान इसे भी चलाने का प्रयास नहीं किया गया। नगर परिषद साढ़े चार लाख रुपये महीने का भुगतान करता है और तेल खर्च अलग से है। हड़ताल खत्म होने के बाद रात को इसे चलाया गया। वहीं लोगों ने सवाल उठाए हैं कि नाइट स्वीपिंग मशीन को पहले क्यों नहीं चलाने का प्रयास किया गया।
नगर परिषद में आज से शुरू होगा काम कामज
नगर परिषद सफाई कर्मचारियों की नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर हड़ताल थी। ये हड़ताल 19 अक्टूबर से शुरू हुई थी। हड़ताल के चलते कर्मचारियों ने किसी भी ब्रांच में काम शुरू नहीं होने दिया था। इसके चलते नगर परिषद में पिछले 12 दिन से कामकाज ठप था। सोमवार से नप कार्यालय में कामकाज शुरू होगा।
नगर परिषद अब करवाएगा फॉगिंग
नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में डेंगू को लेकर फॉगिंग भी बंद थी। सोमवार से शहर में फॉगिंग शुरू होगी। स्वास्थ्य विभाग ने नगर परिषद को फॉगिंग का जिम्मा दे रखा है। नगर परिषद के कर्मचारी ही कूड़ा उठान गाड़ी में मशीन रखकर फॉगिंग करते हैं जो कि हड़ताल के चलते बंद थी।
कोट
दो बुलडोजर और चार ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर डंपिंग प्वाइंट से कचरा उठवाया गया है। करीब 70 फीसदी कचरा उठ गया है। सोमवार से रूटीन में सफाई शुरू हो जाएगी। डोर टू डोर कचरा उठान भी शुरू हो गया है।
-मुकेश शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक
फतेहाबाद के भट्टू रोड पर बुल्डोजर से कचरा उठाते हुए।- फोटो : Fatehabad