फतेहाबाद। शहर के भाटिया कॉलोनी में विवाहिता ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मामले में विवाहिता की मां ने ससुरालजनों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। मामले में शहर पुलिस ने मृतका भाटिया कॉलोनी निवासी ममता की मां सिरसा निवासी इंद्रा देवी की शिकायत पर आरोपी पति नरेंद्र कुमार उर्फ कालिया, देवर सन्नी, देवरानी कोमल व सास चमेली के खिलाफ साजिश के तहत आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में इंद्रादेवी ने बताया कि बेटी ममता की शादी आठ साल पहले भाटिया कॉलोनी निवासी नरेंद्र के साथ की थी। ममता को उसका पति व ससुराल के अन्य लोग शादी के बाद से तंग कर रहे थे। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई। सोमवार को ममता ने पति नरेंद्र कुमार, देवर सन्नी, देवरानी कोमल तथा सास चमेली से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अग्रोहा मेडिकल पहुंची, यहां पर पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार को सौंपा। फिलहाल पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद