समैन। टोहाना से सुरेवाला तक जाने वाले नेशनल हाईवे 148बी की सड़क को दस मीटर तक चौड़ा करने का बजट मंजूर हो गया है। अब हाईवे की सड़क को सात मीटर से दस मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। सुरेवाला से जाखल तक 30 किलोमीटर तक सड़क को चौड़ा करने में डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होंगे। भीमेवाला के पास सेमग्रस्त क्षेत्र में सड़क को मिट्टी डालकर ऊंचा किया जाएगा। हाईवे की सड़क के बीच कहीं भी डिवाइडर नहीं बनेगा।
गौरतलब है कि टोहाना से सुरेवाला तक बने इस हाईवे की सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से वाहन चालकों को हो रही परेशानी से जुड़ी खबरें लगातार अमर उजाला में प्रकाशित की गई। सड़क के चौड़ा करने के लिए एनएचएआई द्वारा बजट मंजूर किए जाने पर गांव समैन, कन्हड़ी, भीमेवाला व बिठमड़ा के ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है।
हाईवे की सड़क को सात मीटर से बढ़ाया जाएगा
गौरतलब है कि पंचायत एवं विकास मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने इस नेशनल हाईवे को फोरलेन बनवाने के लिए केंद्रीय परिवहन एवं सड़क मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी। हालांकि, हाईवे फोरलेन तो नहीं बन पाएगा, लेकिन इसे दस मीटर तक चौड़ा जरूर किया जाएगा।
30 किलोमीटर लंबी सड़क में नहीं बनेगा डिवाइडर
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार सुरेवाला से टोहाना और उसके बाद यह सड़क जाखल को जोड़ेगी। यह सड़क करीब 30 किलोमीटर लंबी है। इसको चौड़ा करने के दौरान बीच में कोई भी डिवाइडर नहीं बनाया जाएगा। इस सड़क पर जहां-जहां बड़े गड्ढे बने हैं, उन्हें तारकोल व बजरी के साथ भरा जा रहा है। यह काम एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा।
इस सड़क को चौड़ा करने के लिए डेढ़ करोड़ रुपये का बजट मंजूर हो चुका है। टेंडर की प्रक्रिया इस महीने के अंत तक होगी। सड़क को चौड़ा करने का कार्य जुलाई महीने के अंत तक शुरू किया जा सकेगा।
-विजय शर्मा, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग