हरियाणा के फतेहाबाद के गांव भोडियाखेड़ा में शुक्रवार को आयोजित बाबा रामदेव के वार्षिक मेले में मेला देखने आई एक नाबालिग लड़की के अपहरण की सूचना से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही तुरंत शहर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसपी के अनुसार कुछ देर बाद ही लड़की को बरामद कर लिया गया है लेकिन मामला अपहरण का ही होने की पुष्टि नहीं है। क्योंकि पुलिस पूछताछ में लड़की ने खुद ही बोलेरो गाड़ी में बैठकर जाने की बात कही है। फिलहाल पुलिस बोलेरो में सवार होकर आए युवकों के बारे में पड़ताल कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर फतेहाबाद की एक नाबालिग भोड़ियाखेड़ा गांव में आयोजित बाबा रामदेव के मेले में मेला देखने गई थी। मेले में पहुंची इस नाबालिग लड़की को बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए तीन युवक अपने साथ ले गए। हालांकि लड़की खुद गाड़ी में सवार होकर गई या गाड़ी में आए युवक उसे जबरन अपने साथ लेकर इस बात की जांच पुलिस अभी कर रही है।
एसपी सुरिंद्र भोरिया ने कहा है कि लड़की के अपहरण के बारे में सूचना मिलने पर पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया है। लड़की ने प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को बताया है कि वह अपनी मर्जी से गाड़ी में गई थी। चूंकि बच्ची नाबालिग है और गाड़ी सवार उसे कैसे जानते थे और उसे गाड़ी में बैठाकर कहां ले जा रहे थे इस बारे में पुलिस पड़ताल कर रही है।