फतेहाबाद के रतिया के वार्ड नंबर 16 में मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत मामले में वीरवार को परिजनों ने नागरिक अस्पताल के बाहर जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने अभी तक ससुरालजनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। इस मामले में मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने महिला के पिता के बयानों पर पति, सास, ससुर, जेठ व जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया। मगर अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार
जानकारी के अनुसार लुधियाना निवासी 27 वर्षीय शीनम उर्फ सिमरन की शादी 14 अगस्त 2022 को रतिया के वार्ड 16 निवासी नितिन मोदी के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही शिनम ने अपने ससुरालजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। कई बार पंचायतें भी हो चुकी। संगरूर से रतिया पहुंची शीनम की बहन मनीषा गोयल व जीजा अमित गोयल ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे उनके पास शीनम के पति नितिन का फोन आया, उसने कहा कि शीनम फांसी लगाकर जान देने का प्रयास कर रही है।
बार-बार समझाने के बाद भी नहीं मान रही, इतना कहकर उन्होंने फोन काट दिया। इसके बाद वे अपने रिश्तेदारों को साथ लेकर रतिया पहुंचे तो घर पर ताला लगा हुआ था और ससुरालजन फरार थे। इसके बाद रतिया थाने में जाकर मामले की जानकारी दी।