फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना : यह लापरवाही परिवार पर न पड़ जाए भारी

विज्ञापन
थाना रोड बाजार में बिना मास्क खरीदारी करते ग्राहक व सामान बेचता दुकानदार। - फोटो : Fatehabad
विज्ञापन
फतेहाबाद। जिले में पिछले तीन दिनों से रोजाना लगातार 100 से अधिक केस आने के बाद भी शहर के बाजारों में कोरोना का कोई डर नहीं दिख रहा है। कोविड-19 की गाइडलाइन को न दुकानदार मान रहे हैं और न ही ग्राहक। सामाजिक दूरी तो लोगों दूर-दूर तक नहीं दिखती। मास्क पहनने को लेकर भी गंभीरता नहीं है। बाजार आने वाले अधिकांश लोग बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं, यह लापरवाही कहीं हमारे परिवार के लिए न भारी पड़ जाए इस लिए सावधानी और नियमों का पालन करना आवश्यक है। वहीं जिनकी जिम्मेदारी निगरानी रखने की है उन्हें फुर्सत ही नहीं है।
विज्ञापन

कोरोना की तीसरी लहर में प्रशासन ने गाइड लाइन जारी कर रखा है और इसके पालन लेकर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न लगाने पर चालान काटे जा रहे हैं। हालांकि अभी यह अभियान भी धीमी है। वहीं सबसे अधिक नियमों का उल्लंघन महिलाएं कर रही हैं। महिलाएं भीड़ के रूप में दुकानों में एकत्रित हो रही हैं, जिनके मुंह पर न मास्क लगा मिलता है और न ही सामाजिक दूरी की कोई परवाह होती है। दुकानदारों की स्थिति ऐसी है कि ग्राहकी के चक्कर में नियमों को आसानी से नजरअंदाज कर रहे हैं। दूसरी तरफ, जिनकी कोविड-19 के नियमों की पालना की जिम्मेदारी है, वो बड़े जिम्मेदार तो खुद कोरोना संक्रमण से जूझ रहे हैं जबकि छोटे जिम्मेदार बाजारों में मुंह फेर कर निकल रहे हैं।
खुद के ईओ व प्रशासक संक्रमित, फिर भी गंभीरता नहीं दिखा रहे नप अधिकारी
बाजारों में कोविड-19 के नियमों की पालना करवाने की सबसे ज्यादा जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की है। नगर परिषद के प्रशासक एसडीएम राजेश कुमार और ईओ ऋषिकेश चौधरी खुद कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जो होम आइसोलेशन में हैं। इसके बावजूद नगर परिषद के अधिकारी बाजारों में नियमों का पालना करवाने में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। स्थिति ऐसी है कि इस सप्ताह एक बार भी नगर परिषद की टीम ने बाजारों में चालान काटने या दुकानदारों व ग्राहकों को समझाने के लिए अभियान नहीं चलाया है।
विज्ञापन

सबसे प्रमुख थाना रोड बाजार में यह है स्थिति
शहर के सबसे प्रमुख थाना रोड बाजार में स्थिति ऐसी है कि दुकानों व स्टालों पर तीन से चार ग्राहक एक साथ दिखते हैं। न कोई सामाजिक दूरी रख रहे हैं। न ग्राहक और न ही दुकानदार के मुंह पर मास्क हैं। चिंताजनक स्थिति यह है कि दोनों को ही टोकने वाला कोई नहीं है।
जवाहर चौक के पास भी यही हाल
शहर के बीचोंबीच स्थित जवाहर चौक के पास भी यही हाल है। दुकानों में बैठे कुछ ही दुकानदार मास्क लगा रहे हैं। बाकी ग्राहकों से लेकर दुकानदारों में कोरोना का कोई डर नहीं है।
गले में मास्क लटका कर निकले भाजपा जिलाध्यक्ष
नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर किए जाने वाले कार्यक्रम का दुकानदारों को न्योता देने भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा शनिवार को कुछ पदाधिकारियों के साथ बाजारों में निकले। इस दौरान जिलाध्यक्ष गले में मास्क लटका कर चलते रहे। उनके साथ खड़े होकर फोटो खिंचवाने वाले पदाधिकारियों व दुकानदारों में से एक के मुंह पर भी मास्क लगा नजर नहीं आया।
कोट
बच्चे भी कोरोना संक्रमित हो रहे हैं। इसलिए बाजारों में जाने वाली महिलाओं को सावधानी रखनी चाहिए। खुद व बच्चों के मुंह पर भी मास्क लगाकर ही बाजार जाएं। ज्यादा जरूरी नहीं हो तो भीड़भाड़ के क्षेत्र में जाने से बचें।
-डॉ. सुनीता सोखी, उप सिविल सर्जन
कोविड-19 से बचाव के लिए सावधानी बरतनी जरूरी है। नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। नगर परिषद अधिकारियों को भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए जाएंगे।
-अजय चोपड़ा, जिला नगर आयुक्त, फतेहाबाद

थाना रोड बाजार में दुकानदारों के साथ खड़े भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा व अन्य पदाधिकारी। सिर्फ- फोटो : Fatehabad

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें