फतेहाबाद। नगर परिषद प्रशासन की ओर से बीघड़ रोड पर करीब पांच करोड़ रुपये से तैयार करवाया कम्यूनिटी सेंटर सफेद हाथी बना हुआ है। पिछले सात साल में शहरवासियों को इस कम्यूनिटी सेंटर का कोई बड़ा लाभ नहीं मिल पाया है। जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों की अनदेखी के कारण शहर के बिल्कुल साथ में सड़क किनारे बना यह कम्यूनिटी सेंटर बदतर स्थिति में हो गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि अब इसकी मरम्मत करवाने पर ही 25 लाख रुपये का खर्च आने की संभावना है। नगर परिषद अधिकारियों ने मरम्मत का एस्टीमेट भी तैयार किया है, जिसमें 25 लाख की लागत की बात कही गई है।
तीन एकड़ जमीन पर साल 2014 में तैयार हो गया था कम्यूनिटी सेंटर
करीब तीन एकड़ में फैले कम्यूनिटी सेंटर का निर्माण कार्य साल 2014 के आखिर में पूरा हो गया था। इसके बाद कुछ महीनों तक नगर परिषद प्रशासन ने शहर की एक फर्म को इसे ठेके पर दिया। ठेका तीन साल के लिए करीब 30 लाख रुपये में दिया गया। ठेकेदार ने कुछ रुपये तो उसकी समय दे दिए गए, बाकी रुपये किश्त के रूप में देने पर सहमति बनी। हालांकि, बाद में ठेकेदार को बचत नहीं हुई तो फर्म ने कम्यूनिटी सेंटर छोड़ दिया।
सात साल में गिनती के 20 कार्यक्रम भी नहीं हुए
शहरवासियों के अनुसार कम्यूनिटी सेंटर बनने के बाद इन सात सालों में गिनती के 20 कार्यक्रम भी नहीं हुए हैं। अब स्थिति ऐसी है कि कम्यूनिटी सेंटर की हालत खराब हो चुकी है। दीवारों पर करवाया गया रंग-रोगन खराब हो गया है। लॉन में लगी घास झाड़ियों का रूप ले चुकी है। गेट पर ही गंदगी फैली हुई है। लंबे समय से कम्यूनिटी सेंटर में सफाई तक नहीं करवाई गई है।
कोट
नगर परिषद प्रशासन ने लापरवाही के कारण शहरवासियों को कम्यूनिटी सेंटर के लाभ से वंचित किया हुआ है। न जनप्रतिनिधि इस पर संज्ञान ले रहे हैं। कम्यूनिटी सेंटर की हालत के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मोहनलाल नारंग, प्रधान, नागरिक अधिकार मंच
कोट
कम्यूनिटी सेंटर की मरम्मत करवाने की जरूरत है। मरम्मत कार्य पर करीब 25 लाख रुपये का खर्च आने की संभावना है। इसके बाद ही कम्यूनिटी सेंटर प्रयोग में लाया जा सकता है।
- सुखविंद्र सिंह धुड़िया, जेई, नगर परिषद फतेहाबाद