फतेहाबाद। गांव हरिपुरा में युवक के साथ मारपीट कर उसे जहरीला पदार्थ दे दिया। युवक को गंभीर हालत में फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से रेफर कर दिया गया। पुलिस ने युवक की शिकायत पर उसके ससुरालजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में
पुलिस ने सिरसा के मौजदीन निवासी संदीप सिंह की शिकायत पर उसकी पत्नी ममता बाई, विरेंद्र सिंह, सतपाल सिंह, सुरजीत कौर निवासी हरिपुरा, रायपुर ढाणी निवासी सुंदरोबाई उत्तराखंड निवासी बलवंत सिंह के खिलाफ साजिश के तहत मारपीट करने, जहर देने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
मामले के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में मौजदीन निवासी संदीप ने आरोप लगाया कि उसकी शादी करीब दो साल पहले गांव हरिपुरा निवासी ममता के साथ हुई थी। 6 नवंबर को चाचा ससुर बलवंत सिंह व सुंदरोबाई पत्नी ममता को हरिपुरा ले गए थे। आरोप है कि उसके साले की शादी थी, 14 नवंबर को वह शादी में गया तो वहां पर चाचा ससुर ने कहा कि पांच लाख का प्रबंध कर लो और तलाक दे दो। आरोप है कि इसके बाद उसकी पत्नी को चाचा ससुर उत्तराखंड ले गया। 3 दिसंबर को जब वह अपने ससुराल गया तो वहां उक्त आरोपियों ने मारपीट की और जहरीला पदार्थ मुंह में डाल दिया। इसके बाद उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।